नारनौंद (हिसार)। दादा काला पीर मठ कोथ कलां के महंत शुक्राई नाथ योगी पर चार महीने पहले हुए हमले को लेकर रविवार को मठ में दर्जनों गांव के ग्रामीणों ने पंचायत का आयोजन कर आरोपी युवक को महंत के सामने पेश किया। महंत ने फैसला ग्रामीणों पर छोड़ा और शांति रखने की अपील की। पंचायत में फैसला लिया कि सभी आरोपियों को माफी दी जाए और भविष्य में किसी भी युवक ने महंत पर कोई हमला व उसके खिलाफ किसी भी कार्रवाई में पाएंगे तो उनके खिलाफ पंचायत कड़ा फैसला लेकर खुद कानून के हवाले करेगी।
करीब चार महीने पहले आठ अगस्त को दादा काला पीर मठ के महंत शुक्राई नाथ योगी पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने गांव के ही एक युवक व दो अन्य युवकों को पकड़ा था। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था। इस मामले में ग्रामीण महंत से मिले थे और गुहार लगाई थी कि गांव में शांति बनाए रखने के लिए आरोपी युवकों को माफ कर दिया जाए। रविवार को गांव कोथ कलां, कोथ खुर्द, नाडा, खाप्पड़ इत्यादि गांव की पंचायत मठ में आयोजित हुई।