हिसार। गुरुग्राम और रोहतक से आई आयकर विभाग की छह टीमों ने शुक्रवार को शहर के तीन ज्वेलर्स के शोरूम व आवास पर सर्वे किया। इस दौरान टीम ने पीएलए, राजगुरु मार्केट, सातरोड, कटला रामलीला मैदान, सेक्टर-14 में पुराने बिल, दुकान में मौजूद स्टाक, खरीद का ब्योरा, जीएसटी भरने के दस्तावेज खंगाले।
जानकारी के अनुसार रोहतक व गुरुग्राम से आई टीम ने सर्च अभियान शुरू करते ही शोरूम को बंद करा दिया। दोनों शोरूम के बाहर पुलिसकर्मी तैनात किए गए। सातरोड गांव में ज्वेलर्स की दुकान पर भी छापा मारा। दुकान में मिले दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया। दुकान में उपलब्ध नकदी व सोने का पूरा ब्योरा लिया। आयकर विभाग के अधिकारियों ने मीडिया को जानकारी देने से इन्कार कर दिया। अधिकारियों का कहना था कि यह रूटीन का सर्वे है। कच्ची बिल बुक को भी जांचा है।