{"_id":"5921e7e64f1c1b41735363d1","slug":"ex-cm-bhupender-singh-hudda-in-hisar-raily-spoke-on-bjp-hisar","type":"story","status":"publish","title_hn":"जनता सहयोग करेगी तो सरकार को घुटनों के बल चलने पर विवश कर देंगे : हुड्डा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जनता सहयोग करेगी तो सरकार को घुटनों के बल चलने पर विवश कर देंगे : हुड्डा
ब्यूरो/अमर उजाला, हिसार
Updated Mon, 22 May 2017 12:48 AM IST
विज्ञापन
पूर्व सीएम हुड्डा
- फोटो : bureau
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अच्छे दिन तो छोड़ो लोग अब बीते दिन मांग रहे हैं। सरकार की ओर से केवल बुरे दिन दिए जा रहे हैं। जनता सहयोग करेगी तो सरकार को उनके वादे पूरे करने पर मजबूर कर देंगे। सरकार को घुटनों के बल चलने के लिए विवश कर देंगे।
विज्ञापन
नलवा विधानसभा के गांव रावलवास खुर्द के राजीव गांधी केंद्र में रविवार को पूर्व मंत्री संपत सिंह की ओर से जन आक्रोश रैली की आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विपक्ष में रहने से अपने-पराये का पता लगता है। लोगों को भी सरकारों के कामकाज को तोलने का मौका मिलता है। प्रदेश में बिजली के लिए हा-हाकार मचा हुआ है।
विज्ञापन
सरकार ने झाड़ली प्लांट का प्रदेश का हिस्सा ही सरेंडर कर दिया। यह सरकार केवल पुरानी योजनाओं का नाम बदलने का काम कर रही है। हमारी स्पेट योजना को स्पीड, लाड़ली को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, पिलर बॉक्स योजना को जगमग योजना कर दिया। हमने अपनी सरकार के समय को-ऑपरेटिव बैंक से लिए जाने वाले कर्ज का ब्याज 14 प्रतिशत से शून्य तक लाने का काम किया।
विज्ञापन
अच्छे दिन तो छोड़ो, लोग अब तो अपने बीते दिन मांग रहे हैं। भाजपा सरकार लोगों को केवल बुरे दिन दे रही है। पूर्व सीएम ने कहा कि जनता का सहयोग रहेगा तो सरकार को सभी 154 वादे पूरा करने पर मजबूर कर देंगे। सरकार या तो वादे पूरे करेगी नहीं तो कुर्सी छोड़कर चले जाएंगे। किसानों को उनकी फसलों के भाव नहीं मिलते।
किसान की फसल बिकते ही उसके भाव काफी ऊंचे हो जाते हैं। हमने 3.82 लाख लोगों को 100-100 गज के प्लॉट दिए। इस सरकार ने एक भी प्लॉट दिया हो तो बताएं। लाखों रोजगार का वादा कर सत्ता में आने वाली भाजपा अब तक 50 हजार लोगों का रोजगार छीन चुकी है।
प्रदेश सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को दे रही बढ़ावा
पूर्व मंत्री संपत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को ही बढ़ावा दे रही है। स्वामीनाथ आयोग कहां गया। सरसों की खरीद में करोड़ों का भ्रष्टाचार हुआ। पंचायतों को विकास कार्यों के लिए बजट नहीं मिल रहा। 15 लाख खाते में डालने का वादा किया गया था।
रोजगार, पेंशन, पंजाब के समान वेतन के वादे पूरा न करने पर जनता में आक्रोश है। खेत में किसान कर्ज से मर रहा है। उसका बेटा देश के बॉर्डर पर मर रहा है। हर मोर्चे पर यह सरकार विफल रही। कांग्रेस ने 17 डीएसपी लगाए, भाजपा ने एक भी नौकरी नहीं दी। जनता को अब केवल भूपेंद्र सिंह हुड्डा से ही उम्मीद हैं।
सरपंचों को विकास के लिए नहीं मिल रहा बजट
इस मौके पर पूर्व सीपीएस विनोद भ्याणा ने कहा कि भाजपा हुड्डा को षड्यंत्र में फंसाना चाहती है। सरपंचों को विकास कार्यों के लिए बजट नहीं मिल रहा। पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला ने कहा कि सरकार लोगों को बिजली-पानी तक नहीं दे पा रही। डरी हुई भाजपा लोकसभा-विधानसभा के चुनाव एक साथ कराना चाहती है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री रामभज, पूर्व मंत्री सत्यनारायण लाठर, पूर्व विधायक रामभगत शर्मा, कांग्रेसी नेता धर्मबीर गोयत, बीर सिंह दलाल, जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र सूरा सहित अन्य ने संबोधित किया। इस दौरान वेद रावल, राजेश अरोड़ा, दिलबाग हुड्डा, महेंद्रा दहिया, संतोष कामरा, चंद्रकला दहिया, सरोज, दीपचंद सहित अन्य उपस्थित थे। मंच का संचालन गौरव संपत सिंह ने किया।
होर्डिंग से गायब रहे तंवर-किरण
रैली में मंच पर बड़ा होर्डिंग लगाया गया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस से किसी का फोटो नहीं लगाया गया। प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर, विधायक दल की नेता किरण चौधरी के फोटो गायब रहे। रैली में किसी ने भी अशोक तंवर या किरण चौधरी का नाम नहीं लिया। यहां राज्यसभा के पूर्व सदस्य रामजीलाल का फोटो होर्डिंग पर जरूर दिखा।