Hisar: खेदड़ थर्मल पावर प्लांट की रेल लाइन उखाड़ी, सिख फॉर जस्टिस संगठन ने वीडियो जारी कर ली जिम्मेदारी
कोयले की राख उठाने का हक पाने के लिए गांव खेदड़ के ग्रामीण पिछले तीन महीने से धरना दे रहे थे। किसानों ने थर्मल पावर प्लांट को जाने वाली रेल लाइन पर धरना देने का एलान किया था। जिसके लिए 8 जुलाई को किसानों ने कूच भी कर दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के हिसार में बरवाला कस्बे से राजीव गांधी खेदड़ थर्मल पावर प्लांट की तरफ जाने वाली रेलवे लाइन की 64 क्लिंप को अज्ञात लोगों ने निकाल दिया। रेलवे ओवरब्रिज की दीवार पर पंजाबी में खालिस्तान जिंदाबाद का नारा लिख दिया। इस बारे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया गया। सिख फॉर जस्टिस संगठन के गुरपतवंत सिंह पन्नू ने रेलवे लाइन उखाड़ने की जिम्मेदारी ली।
उसने वीडियो में कहा कि 15 अगस्त तक देश के सभी थर्मल पावर प्लांट की सप्लाई को बाधित करके पूरे देश को अंधेरे में डूबो दिया जाएगा। जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ट और थर्मल अधिकारी मौके पर पहुंचे। साइबर सेल थाना पुलिस ने गुरपतवंत और अन्य के खिलाफ राजद्रोह, चोरी, षड्यंत्र रचने और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
सुबह रेलवे कर्मचारियों को सूचना मिली की बरवाला से खेदड़ थर्मल पावर प्लांट में जाने वाली रेलवे लाइन की क्लिपों को निकाला गया है। यह जानकारी मिलते ही रेलवे और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह और थर्मल के चीफ इंजीनियर जयप्रकाश धीमान मौके पर पहुंचे।
जांच में पाया कि 64 क्लिपों को निकाला गया है। 44 क्लिप मौके पर बरामद हुईं जबकि 20 गायब थी। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत प्रभाव से क्लिपों को लगाना शुरू कर दिया। रेल की पटरी को उखाड़ने का प्रयास करने के मामले में सिख फॉर जस्टिस संगठन के गुरपतवंत सिंह पन्नू ने जिम्मेदारी ली है। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में यह बोल रहा गुरवंतपंत पन्न
वायरल वीडियो क्लिप में गुरवंतपंत पन्नू ने कहा कि वाहे गुरुजी का खालसा वाहे गुरुजी की फतेह। अंग्रेजी भाषा मे कहता है कि भारत की आजादी के 75 साल बाद यह सिख फॉर जस्टिस ( संगठन ) ने एक प्रोग्राम लांच किया है। (LIBERATE PUNJAB Block Coal Supply to the Thermal Plants and PLUNGE INDIA TO DARKNESS on 15 AUGUST) राजीव गांधी थर्मल प्लांट हिसार हरियाणा खालिस्तान सिखों ने रेलवे लाइन की क्लिपों को कोयले की सप्लाई रोकने के लिए निकाल दिया है। यह तो एक शुरुआत है, यह भारत को अंधेरे मे डूबोने की एक शुरुआत है।
अब से अगले साल तक हर थर्मल प्लांट में अंधेरा कर देंगे। यह हमारा अधिकार है कि हम भारत को मजबूर कर देंगे कि पंजाब को छोड़ दें, क्योंकि सिखों को आजादी चाहिए। अंत में वीडियो के पोस्टर में KHALISTAN REFERENDUM VOTING PUNJAB 26 JANUARY 2023 लिखा दिखाई दे रहा है। वीडियो के बीच में एक-दो व्यक्ति रेलवे लाइन की क्लिप उखाड़ते दिखाई दे रहे हैं। एक दीवार के ऊपर पंजाबी में खालिस्तान जिंदाबाद लिखा हुआ दिखाई दे रहा है।
क्या है क्लिंप
क्लिंप रेलवे लाइन को दोनों तरफ से स्लिपर के साथ लॉकिंग का कार्य करती हैं, ताकि पटरी इधर-उधर न खिसके। यह क्लिंप ठोस लोहे की होती है। एक क्लिंप का वजन करीब एक से डेढ़ किलो होता है। इस क्लिंप को भारी हथोड़े की मदद से बिना हटाया नहीं जा सकता।
रेलवे लाइन की क्लिंप निकालने का पता चलने पर मौके पर पहुंचे और जांच की। जो वीडियो वायरल हो रहा है उसके आधार पर साइबर सेल थाना पुलिस में केस दर्ज किया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। -लोकेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक, हिसार
यह मामला साइबर सेल थाना में है। इस मामले की जांच साइबर सेल थाना की पुलिस कर रही है। हमारे पास जो जानकारी थी, वह हमने साइबर पुलिस को उपलब्ध करा दी है। - नरेश कुमार, एसएचओ, जीआरपी, हिसार।
बारिश के बाद शुक्रवार शाम को निकाली गई रेलवे लाइन की क्लिप, सुबह खाली मालगाड़ी भी लाइन से गुजरी
खेदड़ थर्मल पावर प्लांट की तरफ जाने वाली रेलवे लाइन की क्लिप निकाले जाने पर पुलिस -खुफिया विभाग को कई घंटे तक जानकारी नहीं मिली। सिख फॉर जस्टिस संगठन की ओर से वीडियो जारी किए जाने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना ने खुफिया तंत्र के साथ रेलवे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वारदात ने 15 अगस्त से पहले सुरक्षा तैयारियों को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
शाम को की- मैन ने जांचा
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम पांच बजे रेलवे के की- मैन ने रेलवे लाइन की जांच की। उस समय तक सब कुछ ठीक ठाक था। उसी समय बारिश शुरू हो गई। काफी देर तक बारिश चली। रेलवे लाइन की क्लिप को उखाड़कर फेंकते हुए का जो वीडियो जारी किया गया है।
वह बारिश के बाद का वीडियो दिखाई दे रहा है। जमीन और रेलवे ट्रैक गीला दिखाई दे रहे हैं। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम को यह क्लिप निकाली गई हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पावर प्लांट से एक खाली मालगाड़ी उक्त रेलवे लाइन से गुजरी है। गाड़ी के डिब्बे खाली होने के कारण हादसा नहीं हुआ।
लोहे की रॉड और क्लिप मौके पर मिली
घटना का पता चलने पर पुलिस और जीआरपी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटना स्थल पर निकाली गई 44 क्लिप बरामद हुई हैं। रेलवे लाइन के पास ही लोहे की रॉड भी मिली है। रेलवे कर्मचारी ने नाम न छापने पर बताया कि हथौड़े या लोहे की रॉड से लगातार वार से क्लिप निकाली जा सकती है।
वायरल वीडियो ही जांच का मुख्य आधार...
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच साइबर सेल थाना कर रहा है। वीडियो किस नंबर से और कहां से जारी किया गया है। इस वीडियो में हिसार खेदड़ थर्मल पावर प्लांट की लाइन के क्लिप निकालते वीडियो को भी जोड़ा गया है। जिससे साफ है कि किसी ने पहले यहां से वीडियो भेजा। उसके बाद वह धमकी भरा वीडियो तैयार किया गया। साइबर पुलिस को मौके से लोहे की रॉड भी मिली है। जिस पर फिंगर प्रिंट मिलने की संभावना है। मौके पर पहुंची डॉग स्कवॉयड टीम भी कुछ दूरी से आगे नहीं बढ़ सकी।
रोजाना 3800 टन कोयले की खपत
खेदड़ थर्मल पावर प्लांट में 600-600 मेगावाट की दो यूनिट हैं। फिलहाल यह दोनों यूनिट चल रही हैं। दोनों यूनिट को एक दिन चलाने के लिए करीब 3700 से 3800 टन कोयले की जरूरत पड़ती है। इतने कोयले की आपूर्ति के लिए रोजाना तीन से चार गाड़ी आती हैं। कोयला लाने वाली गाड़ी में औसतन 52 रैक होते हैं। थर्मल में औसतन दस से बीस दिन का कोयला स्टॉक में रखा जाता है।
इन प्रदेशों के नाम लेकर दी धमकी
अपने वीडियो में गुरवतपंत पन्नू ने हरियाणा के यमुनानगर, पानीपत थर्मल को भी बाधित करने की धमकी दी है। वीडियो में वेस्ट बंगाल के मुर्शीदाबाद, झारखंड के बखारो, यूपी के अलीगढ़, राजघाट दिल्ली, तमिलनाडु के चेन्नई, बिहार के पटना, राजस्थान के बीकानेर व कोटा, गुजरात के अहमदाबाद, सूरत ,गांधीनगर, छत्तीसगढ़ के कोरबा, महाराष्ट्र के मुंबई, नागपुर, मध्यप्रदेश के खांडवा को कोयले की आपूर्ति ब्लाक करने की बात कही गई है। अगले एक साल तक देश के सभी थर्मल पावर प्लांट में कोयला आपूर्ति ब्लाक करने की धमकी दी।
पीएम मोदी का नाम लेकर धमकाया
गुरवतपंत सिंह पन्नू ने कहा कि 15 अगस्त आने वाला है। हम किसी भारतीय के विरोधी नहीं हैं। सिक्खों के खिलाफ किए गए जनसंहार के खिलाफ यह मुहिम है। हम मोदी को देश को संबोधित नहीं करने देंगे। हम भारत के खिलाफ नहीं, पंजाब की आजादी के लिए काम करेंगे।
खालिस्तानी लिंक मिला
खालिस्तानी समर्थकों की ओर से पहली बार इस इस तरह की हरकत की गई है। यह सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती है। खुफिया एजेंसियों की ओर से इस तरह का पहला कोई इनपुट नहीं था।