कर्मचारी से लूट का मामला: दोस्त को रुपये की जरूरत पड़ी तो मौसी के कहने पर अजय ने रची थी लूट की साजिश
पिस्तौल के बल पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से लूटपाट करने के चार आरोपियों ने गिरफ्तारी के बाद कईं वारदात कुबूलीं हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के हिसार जिले की आदमपुर पुलिस ने 16 दिन में लूटपाट करने के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी मौसी के कहने पर ग्रुप लोन फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से पिस्तौल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
गुरुवार को आरोपी काबरेल निवासी अजय और बलवान, मंडी आदमपुर निवासी अजीत उर्फ पुनीत व सौरभ को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया। उधर, डीआईजी बलवान सिंह राणा ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि आरोपियों ने कई वारदात कुबूली हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अजय ने बताया कि बलवान, सौरभ, अजीत उर्फ पुनित उसके दोस्त हैं। बलवान को रुपये की जरूरत थी। अजय ने बताया कि एक दिन मेरी मौसी सरोज ने मुझे व बलवान को कहा कि मेरे पास किस्त लेने के लिए एक आदमी आता है जिसके पास काफी रुपये होते हैं, तुम उससे रुपये छीन लेना। जब वह किस्त लेने आएगा तो मैं तुम्हें बता दूंगी। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची।
अजय ने बताया कि 4 जनवरी को मौसी ने किस्त वाले को फोन करके बुलाया और उन्हें इस बारे में सूचना दी। इसके बाद उन्होंने बाइक से काबरेल बस स्टैंड से ही किस्त वाले का पीछा किया और सीसवाल रोड पर उसे रुकवाकर पिस्तौल के बल पर उसका बैग छीन लिया।
बैग में 22 हजार 500 रुपये व बच्चों के चांदी के कड़े, पायल व लोकेट थे। इसके बाद सभी ने 5500-5500 रुपये आपस में बांट लिए थे। गौरतलब है कि थाना आदमपुर में ग्रुप लॉन फाइनेंस के कर्मचारी रोहतक के गांव कानी निवासी शक्ति की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ये वारदात कुबूलीं
- आरोपी अजय व बलवान ने दस दिन पहले किरावड़ से खानक रोड पर एक बाइक चोरी की।
- अक्तूबर 2021 में अजय ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सीसवाल निवासी दुकानदार नरेश से फिरौती मांगी थी और न देने पर उसकी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी थी।
- गांव काबरेल में सीसवाल निवासी मुकेश का रास्ता रोक उसकी बाइक छीनी थी।