साथी को कमरे में बंद कर नौकर ने उड़ाया माल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घरेलू नौकर ने शहर में फिर एक मकान में वारदात कर डाली। नौकर ने सूर्य नगर में एक इंश्योरेंस कंपनी की मैनेजर के घर से माल पर हाथ साफ कर दिया।
वारदात के वक्त मैनेजर प्रियंका गुप्ता शहर के जिंदल अस्पताल में दाखिल थीं। उसका एक कंपनी का कर्मचारी घर पर था। कंपनी के कर्मचारी को नौकर ने कमरे में बंद कर कीमती सामान व नकदी चोरी कर ली और फरार हो गया।
कर्मचारी ने मैनेजर के पास कॉल की, जिसके बाद मैनेजर के फोन से पड़ोसियों के पास कॉल करी। इसके बाद दरवाजा खोलकर कंपनी कर्मचारी को बाहर निकाला गया। मामले की सूचना लोगों ने पुलिस को दी।
पुलिस को दी शिकायत में मैनेजर प्रियंका गुप्ता ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में व्हीकल इंश्योरेंस में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
31 दिसंबर से वह बीमार थीं और उपचार के लिए जिंदल अस्पताल में भर्ती थीं। घर पर देखभाल के लिए उसने कंपनी के कर्मचारी गांव किरतान निवासी कुलदीप को रखा हुुआ था।
नौकर प्रकाश कुुमार भी घर पर था। बताया जा रहा है कि प्रकाश ने रात को कुलदीप के सोने के बाद उसके कमरे के गेट पर बाहर से कुंडी लगा दी और घर से नकदी, एक लैपटॉप, एक टैब, एक मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान उठा कर फरार हो गया।
कुलदीप ने जब दरवाजा खोलने का प्रयास किया और वह नहीं खुला तो उसे शक हुुआ। उसने फोन कर मामले की जानकारी मैनेजर को दी। बाद में पड़ोसियों को जानकारी दी गई, जिसके बाद कुलदीप के कमरे का दरवाजा खोला गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
एक महीने पहले ही रखा था नौकर को
मैनेजर गुप्ता ने पुलिस को बयान में बताया कि प्रकाश कुमार को उन्होंने एक महीने पहले ही नौकरी पर रखा था। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। नौकर रखने के लिए उन्होंने कोई एजेंसी का सहारा नहीं लिया और न ही कोई रजिस्ट्रेशन करवाया।
पहले भी हो चुकीं वारदात
बता दें कि पिछले दो महीने में घरेलू नौकर द्वारा मकान मालिक को चपत लगाने की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले पीएलए क्षेत्र में सुलखनी गांव के पूर्व सरपंच सांगा के मकान से महिला घरेलू नौकर ने लाखों की कीमत के गहने चोरी कर लिए थे। वह एक दिन ही नौकरी पर आई थी।
मकान मालिक उसे एजेंसी के माध्यम से लेकर आए थे। मगर माल ले जाने के बाद पुलिस जांच शुरू हुई तो एजेंसी भी फर्जी मिली और उसका पता भी।
इससे कुछ ही दिन पहले ही सिविल लाइन एरिया के एक इंडस्ट्रीज मालिक के घर से घरेलू नेपाली नौकर ने लाखों रुपये चोरी कर लिए थे। वारदात के बाद वह अपने रिश्तेदार के यहां हांसी भाग गया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
दिल्ली की मिली लोकेशन
मामले की जांच कर रहे सूर्य नगर चौकी के एएसआई रामफल ने बताया कि नौकर की लोकेशन शुक्रवार तक दिल्ली की आ रही थी। फिलहाल मोबाइल बंद आ रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।