आईजी की सख्ती के बाद पुलिस ने ड्रग तस्करी के गढ़ में मारा छापा
आईजी ओपी सिंह की तल्खी के बाद रेंज पुलिस ने सक्रियता दिखलाते हुए ड्रग तस्करों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया। अभियान के तहत ड्रग तस्करी का केंद्र बिंदु अंबेडकर कॉलोनी बरवाला रोड में ड्रग तस्करों की धर पकड़ के लिए छापामारी की गई। उप पुलिस अधीक्षक जयपाल सिंह की अगुवाई में संभावित तस्करों के घरों पर अचानक छापामारी से हड़कंप मच गया। छापामारी व सर्च अभियान में सीआईए, स्पेशल टास्क फोर्स, थाना शहर हिसार का स्टाफ व काफी संख्या में महिला पुलिस सहित पांच दर्जन पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ एक सुनियोजित ढंग से कार्यवाही को अंजाम दिया। खुफिया सूचना के आधार पर ड्रग तस्करी में लिप्त रहे लोगों के घरों की सघन तलाशी ली गई व सख्ती से पूछताछ भी की गई।
पुलिस ने सूची की तैयार
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने पांच दलों में कॉलोनी के चारों तरफ से घेराबंदी कर सघन तलाशी ली और उन लोगों के नाम की सूची तैयार कर की, जो नशा के काले कारोबार में संलिप्त रहे। ड्रग तस्करों के घर पर तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने चार मोटरसाइकिल कब्जे में ली हैं, जिनके कागजात पेश नहीं किए। वहीं करीब 18000 रुपये भी बरामद हुए हैं। इस दौरान दो संदिग्ध नौजवानों को भी हिरासत में लिया गया। जो भाग एक मकान में छुपने का प्रयास कर रहे थे।
अवैध रूप से बसी हुई कॉलोनी
कॉलोनी अवैध रूप से बसी हुई है, लगभग 300 घरों की इस बस्ती में लगभग तीन दर्जन परिवार ड्रग के काले कारोबार से जुडे़ हुए हैं। आईजी ओपी सिंह द्वारा 26 जून से हिसार रेंज को ड्रग से मुक्त करने के लिए व्यापक अभियान के बाद ड्रग तस्करी का गढ़ रही कॉलोनी सुर्खियों में रही है। यहां तस्करों की धरपकड़ के लिए काफी प्रयास किए गए हैं। पुलिस की निगाह अब तस्करों के घरों पर है जो ड्रग के काले कारोबार की कमाई से तैयार किए गए हैं।
पुलिस पिछले तीन चार महीनों के दौरान करीब एक दर्जन लोगों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। इस धंधे से जुडे़ दो दर्जन लोगों की पहचान कर ली है। इन पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी, पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर इस कॉलोनी में सादे कपड़ों मे पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, जो लगातार काले कारोबार से जुडे़ लोगों पर नजर रखेंगे। कॉलोनी में ड्रग की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।
- जयपाल सिंह, पुलिस उप अधीक्षक