कार के आगे बाइक अड़ाई, दो नकाबपोशों ने पिस्तौल दिखाया, पेट्रोल पंप मालिक से लूटे 5.92 लाख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बड़वा स्थित बैंक में पैसा जमा करवाने जा रहे रिलायंस पेट्रोल पंप के मालिक से दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर 5 लाख 92 हजार की नकदी लूट ली। बदमाशों ने रास्ते में उनकी गाड़ी के आगे बाइक अड़ा कर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने इस दौरान हवाई फायर भी किया और पैसे लूटने के बाद हिसार की तरफ फरार हो गए।
सूचना के बाद सिवानी के डीएसपी सुरेश कुमार और थाना प्रभारी रणबीर शेखावत मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हिसार की तरफ कई जगह बदमाशों के बारे में पता किया लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप मालिक भगवानदास अपने सुपरवाइजर सुभाष के साथ दोपहर करीब ढाई बजे कार में सवार होकर बड़वा स्थित केनरा बैंक में रुपये जमा करवाने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार हाईवे पर चढ़ी तो पीछे से बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उनकी कार के आगे बिना नंबर की बाइक अड़ा दी और पिस्तौल से हवाई फायर करते हुए कार के मालिक तक पहुंच गए।
बदमाशों ने इस दौरान कार की पिछली सीट का शीशा भी तोड़ डाला और नोटों से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। पंप मालिक के मुताबिक बैग मेें 5 लाख 92 हजार की नकदी थी। वारदात की सूचना मिलने के बाद सिवानी के डीएसपी और थाना प्रभारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पंप मालिक से पूरी जानकारी ली।
पंप मालिक ने बताया कि नकाबपोश लुटेरे नौजवान थे और वे हरियाणवी बोली में बात कर रहे थे। इससे पहले भी इस पंप से दो बार लूट की वारदात हो चुकी है। यहां पर चार लाख रुपये लूट की वारदात वर्ष 2016 मेें हुई थी जबकि वर्ष 2019 में मौजूदा घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर 11 लाख रुपये की लूट हुई थी।
पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मामले में साइबर सेल की भी मदद ली जाएगी और पंप के सभी कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। - रणबीर शेखावत, थाना प्रभारी