हिसार। कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 से इस बार खिलाड़ियों का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ होगा। इससे देश की झोली में पदकों की संख्या भी बढ़ेगी। खिलाड़ी पदक के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं। यह कहना है वर्ष 2018 में एशियन गेम्स में क्लब थ्रो में स्वर्ण पदक जीत चुकी अर्बन एस्टेट-2 की रहने वाली पैरा खिलाड़ी एकता भ्याण का।
एकता भ्याण ने खेल सुविधाओं को लेकर कहा कि पहले के मुकाबले सुविधाएं बढ़ी हैं। इसकी बदौलत खिलाड़ी पदक ला रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। सरकार की ओर से वहां सुविधाएं दी जाए तो भविष्य में अच्छे खिलाड़ी तैयार किए जा सकते हैं। ग्रामीण युवाओं में टैलेंट देखने को मिलता है, मगर सुविधाएं नहीं मिलने के कारण वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं कर पाते है। उनकी प्रतिभा दबकर रह जाती है। एकता भ्याण ने बताया कि अब तो खिलाड़ियों को प्राइवेट सेक्टर में भी अच्छी जॉब मिल रही है। मैं खिलाड़ियों से अपील करना चाहूंगी कि चाहे वह कोई भी गेम खेले। उसे लग्न से खेलें, कामयाबी जरूर मिलेगी। कॉमनेवल्थ गेम्स में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को मेरी ओर से शुभकामनाएं।