{"_id":"56f04a444f1c1b8c1bf14d4b","slug":"budget-budget-for-hisar-hisar-budget-projects-in-hisar-hisar-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"रोड, रेल, एयर के प्रोजेक्ट से पूरे होंगे विकास के सपने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रोड, रेल, एयर के प्रोजेक्ट से पूरे होंगे विकास के सपने
ब्यूरो / अमर उजाला , हिसार
Updated Tue, 22 Mar 2016 12:54 AM IST
विज्ञापन
हिसार एयरपोर्ट
- फोटो : file
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने 2016-17 में हिसार के सपनों की उड़ान वाला बजट प्रस्तुत किया है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ मेंटेनेंस यूनिट स्थापित करने के लिए 50 करोड़ मंजूर किए। हिसार को दिल्ली को सीधा जोड़ने के लिए हांसी- महम- रोहतक रेल लाइन जमीन अधिग्रहण का मुआवजा जारी करने का एलान किया। हिसार को दूसरे जिलों से जोड़ने वाले दो नेशनल हाईवे को फोरलेन करने की घोषणा की। दो महिला कॉलेज, दो आईटीआई, फोरेंसिक साइंस लैब हिसार में स्थापित होंगी।
विज्ञापन
प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने हरियाणा का बजट प्रस्तुत करते हुए हिसार का खास ख्याल रखा। हिसार की सबसे बड़ी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की डिमांड को पूरा कर 50 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया। हिसार सिविल एयरोड्रोम का अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की घोषणा सीएम मनोहरलाल खट्टर ने 29 दिसंबर 2014 को हिसार में की थी। सीएम की इस घोषणा को हकीकत में बदलने के लिए काम शुरू किया गया है।
विज्ञापन
प्रथम चरण में 50 करोड़ रुपये की लागत से होगा काम
वित्तमंत्री ने कहा कि हरियाणा में करनाल, हिसार, नारनौल, भिवानी और पिंजौर (पंचकूला) में पांच एयरोड्रोम हैं। स्वतंत्रता के 67 वर्षों के बाद भी राज्य की मुख्य धरा पर कोई घरेलू चालू हवाई अड्डा स्थापित नहीं किया जा सका है। हिसार सिविल एयरोड्रोम का अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकास किया जाएगा। प्रथम चरण में 50 करोड़ रुपये की लागत से रनवे को 4000 फुट से बढ़ाकर 7000 फुट करने और टर्मिनल भवन के नवीनीकरण की योजना है।
विज्ञापन
हिसार सिविल एयरोड्रोम को इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने के लिए एक इंटरनेशनल लेवल का कंसलटेंट नियुक्त किया गया है। कंसलटेंट की रिपोर्ट के आधार पर हिसार सिविल एयरोड्रोम को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अंतर्राष्ट्रीय माल ढुलाई हवाई अड्डा, मेंटेनेंस यूनिट, रिपयेरिंग एंड ओवरहॉलिंग हब के रूप में विकसित करने के संबंध में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
दो स्टेट हाइवे बनेंगे फोरलेन एनएच
तितरम मोड़- कैथल- जींद- हांसी को एनएच घोषित किया गया है। इस रोड को फोरलेन किया जाएगा। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से एनएच को मेनटेन किया जाएगा। हिसार- तोशाम- बाढडा- सतनाली- महेन्द्रगढ़- रेवाड़ी को भी नया राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया गया है। इसे भी फोरलेन किया जाएगा।
उकलाना में कॉलेज, आईटीआई
प्रदेश के सीएम मनोहरलाल खट्टर ने उकलाना में राजकीय महाविद्यालय स्थापित करने का एलान 29 दिसंबर 2014 को किया था। इस बजट सत्र में कॉलेज के लिए बजट का प्रावधान किया है। उकलाना में कॉलेज स्थापित करने के लिए फिलहाल जमीन का चयन किया जा रहा है। इसके बाद यहां भवन निर्माण शुरू होगा। उकलाना खंड के गांव सूरेवाला में नए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किए जाएंगे।
उगालन में स्थापित होगा महिला कॉलेज
नारनौंद के गांव उगालन में महिला कॉलेज स्थापित किया जाएगा। इसी विधानसभा क्षेत्र के गांव भकलाना में आईटीआई बनेगी। नारनौंद खंड के गांव राखी शाहपुर में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का विस्तार करने का प्रस्ताव है।
एचएयू का बजट बढ़ाया
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के लिए 2015-16 के 336.95 करोड़ रुपये से बढ़ाकर बजट अनुमान 2016-17 में 368 करोड़ रुपये किया गया है। एचएयू के बजट में करीब 32 करोड़ का इजाफा किया गया है। जिससे एचएयू में एग्रीकल्चर रिसर्च पर अधिक काम हो सकेगा। किसानों के फायदे के लिए शोध होंगे।
फोरेंसिक साइंस की लैब का वादा पूरा होगा
हिसार में फोरेंसिक साइंस की लैब स्थापित की जाएगी। पुलिस लाइन एरिया में इस लैब को स्थापित करने की तैयारी है। सीएम मनोहरलाल ने पिछले साल ग्रीवांस कमेटी में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद सांसद दुष्यंत चौटाला की ओर से दी गई इस मांग को मंजूर किया था।
हांसी-महम- रोहतक रेल के लिए बजट
हांसी- महम- रोहतक के लिए रेल लाइन के लिए जमीन अधिग्रहण शुरू होगा। इसके लिए प्रदेश सरकार अधिग्रहण का पैसा देगी। वर्तमान बजट में इसका प्रावधान किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को पूर्व की कांग्रेस सरकार ने मंजूर किया था। हांसी- महम- रोहतक रेल लाइन बनने बाद रेल से दिल्ली जाने के लिए एक घंटा समय की बचत होगी।