पगफेरा पर जाते समय पेड़ से टकराई गाड़ी, दूल्हे सहित चार की मौत, दुल्हन गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव गगनखेड़ी के पास पगफेरा के लिए जा रही दूल्हे-दुल्हन की बोलेरो गाड़ी पेड़ से जा टकराई। हादसे में दूल्हे सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दुल्हन सहित दो लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हांसी व हिसार के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव जमालपुर निवासी 32 वर्षीय निवासी उमेद की एक दिन पूर्व कुरुक्षेत्र में शादी हुई थी। मंगलवार को वह अपनी पत्नी मनीता, साला धर्मबीर, जीजा रोशन लाल व परिवार के सदस्य शमशेर व धर्मपाल के साथ बोलेरो गाड़ी में सवार होकर कुरुक्षेत्र में पगफेरा डालने जा रहे थे। इस दौरान गांव गगनखेड़ी के पास गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से जा टकराई। हादसे में जमालपुर निवासी 32 वर्षीय उमेद सिंह, जीजा 50 वर्षीय रोशन लाल, शमशेर और मनीता के मामा के लड़के सनी के मुताबिक उमेद का साला कुरुक्षेत्र निवासी धर्मबीर की मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार उसकी पत्नी मनीता व परिवार के सदस्य धर्मपाल घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया गया है।
मेहंदी भी नहीं सूखी उजड़ गया सुहाग
उमेद सिंह की एक दिन पूर्व ही कुरुक्षेत्र निवासी मनीता के साथ शादी हुई थी। अभी मनीता की हाथों की मेहंदी सूखी भी नहीं थी कि उसकी मांग का सिंदूर सड़क हादसे में उजड़ गया। उमेद 8 बहनों का इकलौता भाई था जो सब बहनों से छोटा था। बहनों ने बड़े लाड़प्यार से अपने छोटे भाई की शादी की थी, लेकिन इस सड़क हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। नागरिक अस्पताल में मृतक के परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस घटना को लेकर दोनों परिवार के लोग सदमे में हैं। सूचना मिलने पर डीएसपी नरेंद्र कादियान, सदर थाना प्रभारी देवेंद्र नैन व सिटी थाना प्रभारी प्रह्लाद राय ने मौके पर पहुंच कर हादसे की जानकारी ली।