रहस्य: हरियाणा में अचानक डगमगा कर गिरते ही मरने लगी भैंसें, अब तक 52 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के हिसार के गांव नंगथला में डेयरी में पशुओं की मौत का सिलसिला जारी है। बुधवार रात से गुरुवार शाम तक नौ पशुओं की और मौत हो गई। इसके बाद मृत पशुओं की कुल संख्या 52 हो गई है। इलाज के बावजूद लगातार हो रही मौतों से आहत ग्रामीणों और डेयरी संचालकों ने अग्रोहा बरवाला रोड पर जाम लगा दिया।
करीब दो घंटे तक यह जाम लगा रहा। सूचना मिलने पर अग्रोहा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने डेयरी संचालकों को मनाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। डेयरी संचालकों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि सरकार उनके नुकसान की भरपाई करे। डेयरी संचालकों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं का लगातार इलाज किया जा रहा है, उसके बावजूद उनके पशुओं की लगातार मौत हो रही है।
गुरुवार को ही आठ और भैंसों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद जिला हिसार एसडीएम राजेंद्र कुमार डेयरी संचालकों को मनाने पहुंचे। उन्होंने डेयरी संचालकों को आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव मदद की जाएगी। एसडीएम के आश्वासन के बाद पशुपालकों ने जाम खोला।
विभाग की टीमें 24 घंटे कर रहीं इलाज
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेंद्र वत्स ने कहा कि वे और उनकी टीम लगातार पशुओं का इलाज कर रही है। पशुओं के उपचार में कुछ तब्दीली की गई है और दवाइयों में बदलाव किया गया है। विभाग ने पंजाब से भी कुछ औषधियां मंगवाई हैं। इसके बाद पशुओं के उपचार की पद्धति में बदलाव किया जाएगा। दूसरी ओर पशुओं के सैंपल की एक और रिपोर्ट आना बाकी है। इस रिपोर्ट के बाद स्थिति थोड़ा साफ होने की उम्मीद है।
यह था मामला
गांव नंगथला में एक-एक करके 52 दुधारू पशुओं की मौत हो गई। शनिवार शाम से खाती-पीती भैंस अचानक डगमगा कर गिर रही थीं और गिरते ही मरने लगीं। लुवास के वैज्ञानिकों की टीम ने मंगलवार को पशुओं के ब्लड, सेल्स, चारे सहित कई जरूरी सैंपल लिए और पशुओं का इलाज शुरू किया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंतड़ियों में जख्म मिले थे। क्लोस्टिडियम कीटाणु भी मिला, जो बेहद खतरनाक होता है, लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि कुछ अन्य बैक्टीरिया भी हो सकते हैं, जिनके कारण इतनी खतरनाक स्थिति उत्पन्न हुई है। शुक्रवार सुबह तक इंतजार करना होगा। शुक्रवार को एक मुख्य रिपोर्ट आएगी, जिसकी प्रक्रिया चल रही है।