फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   सदन की आखिरी बैठक में बोली मेयर, निगम के अधिकारी पैसे लेकर लगवा रहे रेहड़ियां

सदन की आखिरी बैठक में बोली मेयर, निगम के अधिकारी पैसे लेकर लगवा रहे रेहड़ियां

Thu, 28 Jun 2018 01:16 AM IST
Updated Thu, 28 Jun 2018 01:16 AM IST
विज्ञापन
सदन की आखिरी बैठक में बोली मेयर, निगम के अधिकारी पैसे लेकर लगवा रहे रेहड़ियां

विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
नगर निगम में बुधवार को सदन की आखिरी बैठक बुलाई गई। बैठक में मेयर शकुंतला राजलीवाला ने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारी रुपये लेकर शहर में रेहड़ियां लगवा रहे हैं। इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग तक उनके पास है। उन्होंने उपायुक्त को भी वीडियो भेजी। मेयर ने कहा कि या तो सभी को रेहड़ी लगाने के लिए जगह मिलनी चाहिए या फिर सबसे चार्ज लेने का नियम बने। इस तरह धांधली नहीं चलनी चाहिए। उन्होंने 18 साल से कम उम्र के बच्चों को रेहड़ी नहीं लगाने देने का आह्वान किया। वहीं बैठक में एक बार फिर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पार्षदों ने खरी-खोटी सुनाई। हर पार्षद ने पेयजल व सीवरेज संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने की शिकायत रखी।

एक्सईएन केके गिल और जसवंत एक-दूसरे की नहीं मानते बात
बैठक के दौरान वार्ड नंबर 19 के पार्षद नरेंद्र शर्मा ने भी जनस्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायत रखी। उन्होंने कहा कि तीन महीने से उनके वार्ड में सीवरेज समस्या बनी हुई है। 10 हजार लोगों का प्रतिनिधित्व करने वाले पार्षद को अधिकारी सटीक जवाब तक नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग के पानी से संबंधित एक्सईएन केके गिल और सीवरेज संबंधी एक्सईएन जसवंत सिंह की आपस में नहीं बनती है। दोनों एक-दूसरे की बात नहीं मानते। इसलिए खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है।
विज्ञापन


रेखा ऐरन बोली, भामाशाह नगर में पानी नहीं आया तो ऑफिस के आगे दूंगी धरना
वार्ड नंबर 20 की पार्षद रेखा ऐरन ने कहा कि भामाशाह नगर में पिछले दो साल से पानी की समस्या बनी हुई है। लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। पार्षद ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह में उनके वार्ड की पेयजल संबंधी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासियों को साथ लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के ऑफिस के आगे धरना दूंगी। बैठक में उपस्थित एसडीओ ने समाधान का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


बैठक से पहले रातोंरात हो गए सारे काम
बैठक में जब डिप्टी मेयर भीम महाजन ने कहा कि उनके वार्ड के एरिया ढाणी श्यामलाल में पहले पाइप लाइन बिछाने के लिए पाइप रखवा दी गई। मगर बाद में पाइप उठा ले गए। सीवरेज भी जाम पड़े हैं। एक आदमी की वजह से वहां पूरी कालोनी के लोग परेशान है। इस पर अधिकारियों ने उन्हें जवाब दिया कि सुपर सकर मशीन से इस एरिया में सीवरेज की सफाई करवा दी गई है तो डिप्टी मेयर ने पलटवार किया कि हाउस की बैठक थी इसलिए रातोंरात सुपर सकर मशीन पहुंच गई। वरना 15 दिन से लोग परेशान थे।

जनस्वास्थ्य विभाग के पास पाइप का टोटा
बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर दयानंद सैनी ने 12 क्वार्टर रोड स्थित गली नंबर 18 में 500 फुट जबकि पार्षद मानसिंह चौहान ने भी अपने वार्ड में करीब 400 फुट पाइप लाइन डालने की अधिकारियों से मांग की। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ केके जैन ने कहा कि इस समय उनके पास पाइप की कमी है। डिमांड भेजी हुई है। छोटे टुकड़े तो लगवा देंगे लेकिन 400-500 फुट की लाइन तभी बिछेगी जब पाइप उपलब्ध हो जाएगी।

बोले, राशन कार्ड बनाने के नाम पर 200 रुपये ले रहे सीएससी संचालक
बैठक में वार्ड नंबर एक के पार्षद अनिल जैन ने शिकायत की कि राशन कार्ड बनाने के नाम पर कॉमन सर्विस सेंटर संचालक 100 से लेकर 200 रुपये तक वसूल रहे हैं। इस पर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी कृष्ण बतरा ने जवाब दिया कि फीस मात्र दस रुपये है अगर कोई इससे ज्यादा लेता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जा सकती है। पार्षदों ने अधिकारियों के संज्ञान में मामला होने के बाद भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।

पांच साल में शहर में आए दो अरब 85 करोड़ 27 लाख रुपये
बैठक में मेयर द्वारा मांगी गई जानकारी देते हुए एमई प्रवीण वर्मा ने बताया कि साल 2013 से लेकर 2018 तक नगर निगम के पास 2 अरब 85 करोड़ 27 लाख रुपये विकास कार्यों के लिए आए हैं। इसमें से 2 अरब 46 करोड़ 61 लाख रुपये के काम व टेंडर हो चुके हैं जबकि 38 करोड़ 60 लाख रुपये बैलेंस बचा हुआ है। इसमें से 24 करोड़ रुपये से विभिन्न प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन खरीदी जाएगी।

13 जुलाई को खुलेगा होर्डिंग्स का टेंडर
बैठक में मेयर शकुंतला राजलीवाला ने कहा कि लाखों रुपये खर्च करके नगर निगम द्वारा शहर के चौक-चौराहों को सुंदर बनाया गया लेकिन कुछ लोग होर्डिंग्स व पोस्टर लगाकर उन्हें गंदा कर रहे हैं। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बारे में एक्सईएन संदीप कुमार ने जानकारी दी कि पिछले छह महीने में करीब 150 लोगों के खिलाफ एफआईआर के लिए पुलिस को शिकायत दी हुई है। मगर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने बताया कि होर्डिंग्स के लिए स्थान चिह्नित किए हुए हैं। 13 जुलाई को इस संबंध में टेंडर भी जारी होगा।

आखिरी बैठक में जताया अधिकारियों का आभार
आखिरी बैठक में मेयर शकुंतला राजलीवाला, सीनियर डिप्टी मेयर दयानंद सैनी, डिप्टी मेयर भीम महाजन व अन्य सभी पार्षदों ने पांच साल तक उनका भरपूर सहयोग किया। उम्मीद है कि इसी तरह अधिकारी मेहनत व लगन के साथ शहर को बुलंदियों पर लेकर जाएंगे। अधिकारियों की ओर से एसई रामजीलाल ने भी मेयर व सभी पार्षदों का सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम योगदान देने के लिए आभार जताया।


ये रहे उपस्थित
बैठक में ज्वाइंट कमिश्नर जयवीर, सीनियर डिप्टी मेयर दयानंद सैनी, डिप्टी मेयर भीम महाजन, पार्षद अनिल जैन, कमला बंसल, शालु दीवान, रेखा सैनी, मानसिंह चौहान, मास्टर प्रहलाद सिंह, अजीत सिंह, उदयवीर सिंह मिंटू, प्रीतम सैनी, चंद्रपति ढांडा, कर्मवीर ढिल्लो, नरेंद्र शर्मा व रेखा ऐरन आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed