फतेहाबाद में तेज आंधी का कहर: टूटे पेड़ सड़क पर गिरे, रेल यातायात हुआ प्रभावित, सिरसा-बठिंडा ट्रेन को किया रद
फतेहाबाद में रात के समय आए तेज तुफान का कहर देखने को मिला है। कई क्षेत्रों में पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए। वहीं, आंधी के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
विस्तार
फतेहाबाद में रात 12 बजे के बाद आए तेज अंधड़ से कई क्षेत्रों में पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए। भट्टू से फतेहाबाद की मुख्य सड़क पर भी कई जगह पेड़ गिर गए। इससे यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। इस कारण सुबह सुबह गंतव्य की ओर जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ी। इसके अलावा बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। शहरी क्षेत्र में 5 घंटे के बाद बिजली सप्लाई बहाल की जा सकी। ग्रामीण क्षेत्रों में तो पोल टूटने के कारण सुबह 8 बजे तक भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। वहीं, बीघड़ रोड पर नगर परिषद के बनाए गए डंपिंग पॉइंट पर कल से लगी आग रात को और भड़क गई। भयंकर धुआं उठने से आसपास के किसानों को परेशानी हुई।
बारिश के कारण गर्मी से मिली थोड़ी राहत
अंदर के बाद बारिश भी आई। बारिश के बाद गर्मी से बेहाल हो चुके जनजीवन को थोड़ी राहत मिली है। सुबह के समय ठंडी हवा भी चली। वीरवार सुबह अधिकतम तापमान में भी 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस था, वही वीरवार सुबह 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
टूटे पेड़ों की जानकारी वन विभाग को दी
भट्टू से ड्यूटी पर आ रहे स्वास्थ्य कर्मी गोपाल ने बताया कि भट्टू से फतेहाबाद के रास्ते में कई जगह पर टूटे हुए हैं। मुख्य रास्तों से ग्रामीणों की मदद से इन पेड़ों को हटाया गया है ताकि रास्ता बाधित न हो। टूटे पेड़ों की जानकारी वन विभाग को भी दी गई है।
अधिकारी के अनुसार
बिजली निगम के एक्सईएन संदीप मेहता ने बताया कि सभी सब डिवीजन से बिजली के पोल टूटने व अन्य नुकसान की जानकारी ली जा रही है। लाइन स्टाफ सभी लाइनों को दुरुस्त करने में जुटा हुआ
रेल यातायात भी हुआ प्रभावित, सिरसा-बठिंडा ट्रेन को किया रद्द
हनुमानगढ़-बठिंडा रेलखंड के मध्य तेज हवाएं चलने व ट्रैक पर पेड़ गिरने के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इस कारण गाड़ी संख्या 04784 सिरसा-बठिंडा स्पेशल रेल सेवा को आज 18 मई को रद्द कर दिया गया है।
इन रेलगाड़ियों के मार्ग को किया गया है परिवर्तित
गाड़ी संख्या 14029 श्रीगंगानगर-दिल्ली रेल को आज श्रीगंगानगर से प्रस्थान करने पर परिवर्तित मार्ग वाया बठिंडा-जाखल-रोहतक-भिवानी होकर संचालित किया जाएगा। इसके अलावा गाड़ी संख्या 14732 बठिंडा-दिल्ली रेल सेवा को बठिंडा से प्रस्थान करने पर परिवर्तित मार्ग वाया बठिंडा-जाखल-रोहतक होकर संचालित किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04084 हिसार-जींद स्पेशल रेल सेवा भी हिसार से प्रस्थान करने पर परिवर्तित मार्ग वाया हिसार-जाखल होकर संचालित होगी।