फतेहाबाद। गांव चिंदड़ के पास शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे निजी बस और ट्राॅले में टक्कर हो गई। गनीमत रही कि चालक ने बस को कच्चे रास्ते पर उतार दिया, जिससे सवारियां बच गईं। हालांकि, दो सवारियों को मामूली चोट आई हैं। दोनाें को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण रास्ते पर जाम लग गया।
सूचना पाकर सदर थाना और बड़ोपल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद रास्ता खुलवाया। जानकारी के अनुसार, निजी बस में 5-7 सवारियां थी। हिसार से ईशरवाल बस सर्विस की निजी बस को चालक धर्मेंद्र और परिचालक कांशीराम लेकर आ रहे थे, जो गांव खाराखेड़ी होकर भट्टू की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव चिंदड़ के पास ट्राॅला ने बस में टक्कर मार दी। इससे प्राइवेट बस के शीशे टूट गए और बस क्षतिग्रस्त हो गई। ट्राॅले के चालक गांव बनमंदोरी निवासी अशोक कुमार अपने साथी गांव मेहूवाला निवासी राजेश कुमार के साथ चिंदड़ गांव के पास मोड़ की तरफ मुड़ रहा था। बताया जा रहा है कि ट्राॅले के सामने दो महिलाएं आ गई थीं। ऊपर पेड़ होने से महिलाओं को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्राॅले को मोड़ा तो टक्कर हो गई। ट्राॅले के चालक के साथी राजेश को भी चोट आई है, जिसे बड़ोपल में प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बस व ट्राले की टक्कर लगने के बाद क्षतिग्रस्त बस। जागरूक पाठक