जिले में गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों के लिए कोरोना खतरनाक होता जा रहा है। इसके चलते कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। सितंबर माह में कोरोना संक्रमण का कहर सामने आने के बाद इस इस माह के छह दिनों में आठ कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को जाखल के रेलवे रोड निवासी 70 वर्षीय वृद्धा की हिसार के निजी अस्पताल में मौत हो गई। महिला को बुखार, खांसी की तकलीफ थी, रिपोर्ट संक्रमित मिलने पर परिवार के लोगों ने हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया था। अब तक जिले में 45 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
वहीं मंगलवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 29 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 2460 हो गई है। मंगलवार को 42 मरीज ठीक होने के चलते अब 252 मरीज सक्रिय हैं। अब तक 2163 मरीज ठीक हो चुके हैं। मंगलवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा भट्टू क्षेत्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। पुलिस लाइन निवासी पुलिसकर्मी दो बेटों की रिपोर्ट संक्रमित मिली है। पुलिसकर्मी व उसकी पत्नी की रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आ चुकी है। भट्टूकलां के हुडा सेक्टर निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति, बुजुर्ग दंपती, महिला व उसकी बेटी, भट्टू मंडी निवासी व्यक्ति, 18 वर्षीय युवक, टोहाना के शक्ति नगर निवासी बुजुर्ग, टोहाना में शहर थाना के पास निवासी मां बेटा तथा 49 वर्षीय व्यक्ति और ढाणी बिलासपुर निवासी 10 वर्षीय बालक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसके अलावा रेपिड एंटीजन टेस्ट में गांव रत्ताथेह निवासी 40 वर्षीय युवक, गांव धारसूल निवासी 60 वर्षीय महिला और 21 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।