फतेहाबाद। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी लक्ष्य गर्ग ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र भरा। इस अवसर पर उनकी पत्नी नेहा गर्ग ने कवरिंग प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पूर्व लक्ष्य गर्ग ने भट्टू रोड से लेकर लघु सचिवालय तक रोड शो निकाला। भट्टू रोड से शुरू हुआ रोड शो लालबत्ती चौक, राष्ट्रीय राजमार्ग, परशुराम चौक, भूना मोड़ से होते हुए लघु सचिवालय के पास पहुंचा।
इसके बाद लक्ष्य गर्ग ने पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम सुरजीत नैन को सौंपा। इस अवसर पर उनके साथ पार्टी नेता एडवोकेट सुशील बिश्नोई भी उपस्थित थे। नामांकन भरने के बाद लक्ष्य गर्ग ने पुराना बस स्टैंड के पास स्थित अपने चुनावी कार्यालय का पूजा अर्चना कर विधिवत उद्घाटन किया। कार्यकर्ताओं व लोगों को संबोधित करते हुए लक्ष्य गर्ग ने कहा कि अब वो समय आ गया है जब जनता भाजपा की जन विरोधी नीतियों का जवाब वोट की चोट से देगी तथा भाजपा को सत्ता से बाहर भेजने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा से हर वर्ग परेशान है चाहे हो व्यापारी वर्ग या फिर मजदूर वर्ग हो। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार ने लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाकर साबित कर दिया कि अगर आमजन के हित में कोई पार्टी काम कर सकती है तो वो आम आदमी पार्टी है। लक्ष्य गर्ग ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आमजन को भाजपा की जनविरोधी नीतियों व आप की जनहितैषी नीतियों से रूबरू करवाने का काम करें ताकि मतदान के दिन जनता आम आदमी पार्टी के हक में मतदान कर भाजपा को वोट की चोट से सत्ता से बाहर करने का काम करें।