चिल्ली झील के सुंदरीकरण से संबंधित लंबित कार्यों में तेजी लाई जाएं और उन्हें गुणवत्तापूर्वक संपन्न करवाएं। ये निर्देश डीसी डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। डीसी डॉ. बांगड़ ने कहा कि चिल्ली झील के सुंदरीकरण का कार्य टेंडर प्रक्रिया के नियमानुसार पूरे होने के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्तूबर से कार्य को आरंभ करवाएं। बैठक में डीसी डॉ. बांगड़ ने फतेहाबाद, रतिया, टोहाना शहर सहित जिला के अन्य कस्बों व शहरों को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी ने चिल्ली झील के सुंदरीकरण के प्रस्ताव की समीक्षा करते हुए ने कहा कि चिल्ली झील के पानी निकासी और ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य जन स्वास्थ्य विभाग करेगा जिस पर 8 करोड़ 42 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। चिल्ली झील की चाहरदिवारी बनाने और सुंदरीकरण पर भी साढ़े 4 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। चिल्ली झील से गाद निकालने और चहारदिवारी बनाने का कार्य सिंचाई विभाग द्वारा कराया जाएगा जिसका टेंडर आगामी 15 सितंबर तक पूरा होने की प्रक्रिया रखी गई है। चिल्ली झील से 20 इंची पाइप के द्वारा आठ किलोमीटर दूरी पर स्थित अयाल्की रंगोई नाला में पानी की निकासी की जाएगी। बैठक में एडीसी अजय चोपड़ा, जिला नगर आयुक्त संवर्तक सिंह, नगराधीश अनुभव मेहता, एसडीएम सुरेंद्र सिंह बेनीवाल, कुलभूषण बंसल, नवीन कुमार, अधीक्षण अभियंता ओपी बिश्रोई, कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक, ईओ जितेंद्र सिंह, एमई सुमेर सिंह, सुखविंद्र धुड़िया सहित संबंधित विभाग के अधिकार व कर्मचारी मौजूद रहे।