{"_id":"581b8f3a4f1c1bc032437d4a","slug":"fatehabad-no-sell-no-purchase-in-market-farmars-unhappy-fatehabad-harayana","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूरा दिन बीता मंडी में नहीं हो सकी धान की खरीद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पूरा दिन बीता मंडी में नहीं हो सकी धान की खरीद
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
Updated Fri, 04 Nov 2016 12:55 AM IST
विज्ञापन
फतेहाबाद की अनाजमंडी में धान की ढेरियां ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
अधिकारियों की लापरवाही के चलते वीरवार को फतेहाबाद की अनाजमंडी में धान की सरकारी खरीद नहीं हो सकी। धान की खरीद को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अनेक बार मार्केट कमेटी सचिव से लेकर एसडीएम-डीएफएससी तक को फोन किए, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पदाधिकारियों की मानें तो उन्हें अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब तक नहीं मिला। वीरवार सायं तक मंडी में तकरीबन 30 हजार क्विंटल से भी अधिक धान का स्टॉक पड़ा था। व्यापारियों का मानना है कि बुधवार से लेकर अब तक धान का उठान भी नहीं हुआ। इससे मंडी में अब और धान लेकर आना संभव नहीं है। इस मामले में मार्केट कमेटी सचिव ने डीएफएससी की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि वह मामले की जानकारी सरकार को पत्र भेजकर देंगे।
शाम तक कोई खरीद अधिकारी नहीं पहुंचा
फतेहाबाद की अनाजमंडी में पिछले कई दिनों से मुच्छल, 1121 किस्म और परमल धान की आवक हो रही है। इसमें से परमल धान की खरीद सरकार करती है। सरकार ने धान की खरीद को लेकर पांच एजेंसियां नियुक्त कर रखी हैं। वीरवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को खरीद करनी थी। तय समय पर जब खरीद अधिकारी नहीं पहुंचे तो व्यापारियों ने डीएफएससी को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। मार्केट कमेटी सचिव ने इस बारे में अपनी लाचारी जताई। इस बारे में संपर्क करने पर एसडीएम ने भी जवाब दिया कि जल्द खरीद हो जाएगी, लेकिन उनका दावा भी झूठा निकला और सायं तक कोई खरीद अधिकारी नहीं पहुंचा।
विज्ञापन
पूरा दिन रखवाली में बीत रहा
व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रेम मित्तल के अनुसार बुधवार के बाद मंडी से धान की उठान भी नहीं हुआ। वीरवार को तकरीबन 14 हजार क्विंटल धान की आवक हुई है और अब मंडी में कुल 30 हजार क्विंटल से अधिक धान की ढेरियां लगी हैं। मंडी में धान को लेकर सैकड़ों किसान डेरा डाले हैं। मंडी में किसान रामकिशन ने बताया कि वे दरियापुर से यहां धान लेकर आया है और पूरा दिन महज धान की रखवाली में बीत जाता है और बाजार से खाने-पीने का खर्च अलग है। रामकिशन जैसे सैकड़ों किसानों ने यही व्यथा जताई है।
विज्ञापन
नहीं बता सके कारण
डीएफएससी केके मल्हान ने कहा कि वीरवार को किसी कारणवश धान की खरीद नहीं हो पाई। लेकिन शुक्रवार को फिर से सुचारू खरीद शुरू कर देंगे। मल्हान ने कहा कि शुक्रवार तक जितना भी धान आएगा, उसकी खरीद कर ली जाएगी। हालांकि वीरवार को धान नहीं खरीदने के पीछे वो कोई कारण नहीं बता सके।
स्टाफ भूना में व्यस्त था
दूसरी ओर इस बारे में एसडीएम सतबीर जांगू से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि धान की खरीद हुई है और साथ ही ये भी कहा कि विभाग का स्टाफ भूना में किसानों के प्रदर्शन के कारण व्यस्त हो गया था।
सरकार को लिखेंगे पत्र : सचिव
मार्केट कमेटी सचिव दिलावर सिंह बेनीवाल ने कहा कि वीरवार को डीएफएससी को खरीद करनी थी, लेकिन पूरा दिन ही खरीद अधिकारी नहीं आए। उन्होंने कहा कि डीएफएससी की कार्यप्रणाली को लेकर वह विभाग के निदेशक को लिखेंगे और सरकार को भी पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत कराएंगे।
फतेहाबाद में भी हो सकती है परेशानी
पिछले कई दिनों से भूना में आए दिन धान खरीद की ढिलाई के चलते हालात बिगड़ रहे हैं। आए दिन किसान वहां पर रोड जाम और प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को दिन तो किसानों ने नायब तहसीलदार सहित पांच अधिकारियों को बंधक तक बना लिया था। अब यही दिक्कत फतेहाबाद मंडी में भी आने लगी है। ऐसे में पूरी आशंका है कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते फतेहाबाद में भी किसान धरने प्रदर्शन पर उतर आएं।