{"_id":"57daef874f1c1bd136d47bbe","slug":"fatehabad-crime-news-accident-school-bus-bike-road-accident-2-dead-harayana","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्कूल बस और बाइक की टक्कर, दो छात्रों की मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
स्कूल बस और बाइक की टक्कर, दो छात्रों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
Updated Fri, 16 Sep 2016 12:29 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में अलग-अलग जगह पर हुए सड़क हादसों में दो छात्रों सहित 3 युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पहली घटना सिरसा रोड पर नेशनल हाइवे पर गांव अकांवाली के पास हुई। यहां डिवाइन स्कूल की बस और बाइक सवार युवकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्कूल बस के नीचे घुसे छात्रों को बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे के चलते एक छात्र का सिर तो बहुत बुरी तरह से चकनाचूर हो गया। दोनों दरियापुर के आदर्श स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र थे। परिजनों ने बताया कि वीरवार सुबह वे दोनों प्रमाणपत्र बनवाने घर से निकले थे। घर जाते समय अकांवाली के पास यह हादसा हो गया।
दोनों की पहचान कुकड़ावाली निवासी गुरप्रीत और विकास के रूप में हुई है। युवक विकास जहां सिरसा पुलिस में तैनात एक पुलिस कर्मचारी बलजीत सिंह का बेटा था वहीं गुरप्रीत के पिता अंग्रेज सिंह एक निजी स्कूल में अध्यापक हैं। हादसे के तुरंत बाद स्कूल बस चालक मौके से फरार हो गया। जिस समय हादसा हुआ, उस समय स्कूल बस में काफी बच्चे भी सवार थे। अगर बस अनियंत्रित होकर पलट जाती तो ये हादसा और भी दर्दनाक हो सकता था। हैरत की बात ये रही कि जिस डिवाइन स्कूल की बस से हादसा हुआ, उस स्कूल के प्रबंधक कमेटी से कोई भी सदस्य ना तो घटनास्थल पर पहुंचा और ना ही सरकारी अस्पताल में। जबकि डिवाइन स्कूल घटनास्थल से महज दो किलोमीटर ही दूर था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक गुरदयाल, सदर एसएचओ सुरेंद्र और ट्रैफिक प्रभारी रिछपाल भी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
स्कूल बस पर नाम भी गलत स्कूल का
जिस स्कूल बस से हादसा हुआ, उस बस पर स्कूल का नाम भी गलत लिखा गया है। स्कूल बस पर स्कूल का नाम दयाराम पब्लिक स्कूल लिखा गया है जबकि दयाराम स्कूल को बंद हुए काफी समय बीत चुका है। दरअसल दयाराम स्कूल की पुरानी प्रबंधक कमेटी ने ही दरियापुर के पास डिवाइन स्कूल के नाम से नया संस्थान बनाया है, लेकिन स्कूल बसों पर पुराने स्कूल का ही नाम लिखा आ रहा है। इसको लेकर एकबारगी तो पुलिस अधिकारी भी चक्कर खा गए। दरअसल मौके पर पहुंचे सदर एसएचओ सुरेंद्र ने रिकॉर्ड में दयाराम स्कूल की बस से बाइक की दुर्घटना होनी दर्ज कर लिया, लेकिन इसी बीच किसी ने उन्हें बताया कि दरअसल स्कूल का नाम डिवाइन है लेकिन स्कूल बसों पर नाम दयाराम ही चलाया जा रहा है। इस खुलासे से खुद सदर एसएचओ भी हैरान रह गए।
विज्ञापन
डिवाइन स्कूल के प्रबंधक नहीं पहुंचे, आदर्श स्कूल के प्रबंधकों ने आकर बंधाया ढांढस
हैरानीजनक बात यह रही कि जिस डिवाइन स्कूल बस से बाइक का एक्सीडेंट हुआ, उस स्कूल का एक भी प्रबंधक ना तो मौके पर पहुंचा और ना ही सरकारी अस्पताल में। इतना ही नहीं, हादसे के वक्त स्कूल बस विद्यार्थियों से भरी हुई थी, लेकिन स्कूल बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बाद में पहुंची एक दूसरी बस ने विद्यार्थियों को उनके घर पहुंचाया। स्कूल मालिकों की लापरवाही से लोग और पुलिस अधिकारी भी हैरान थे। दूसरी ओर दरियापुर आदर्श स्कूल के प्रिंसिपल घटना की जानकारी मिलते ही सरकारी अस्पताल पहुंचे और मृतक छात्रों के परिजनों को ढांढस बंधाया।
बाइक के सामने आई नीलगाय, संतुलन बिगड़ा, मौत
गांव इंदाछोई के पास बाइक के आगे नीलगाय आ जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया और बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सुरेश पुत्र हंसराज निवासी दीवाना मिस्त्री का काम करता था और इंदाछोई में काम पर लगा था। वीरवार सुबह सामान लेने जब वह राजू उर्फ काला के साथ बाइक से कुलां की तरफ जा रहा था तो रास्ते में बाइक के आगे अचानक नील गाय आ गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजू की ग भीर अवस्था को देखते हुए चिकित्सकों ने उसें अग्रोहा रेफर किया है।