फतेहाबाद: पूर्व एसडीएम भारतभूषण सहित 3 को हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत, सेशन कोर्ट में हो गई थी रद्द
भ्रष्टाचार के मामले में नामजद पूर्व एसडीएम सहित 6 पर एफआईआर मामले में आरोपी बाला सिंह के वकील ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कर्मजीत कौर की जमानत पर सुनवाई 27 जनवरी को होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के फतेहाबाद में रतिया के पूर्व एसडीएम एचसीएस अधिकारी भारतभूषण कौशिक सहित 6 के खिलाफ विजिलेंस द्वारा दर्ज किए गए भ्रष्टाचार अधिनियम के केस में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने सोमवार को आरोपी पूर्व एसडीएम व उनकी पत्नी सहित आरोपी बाला सिंह को अंतरिम जमानत दे दी। हाईकोर्ट में सोमवार को मामले में आरोपियों की अंतरिम जमानत पर सुनवाई हुई जिसमें आरोपियों के वकीलों ने भ्रष्टाचार की दर्ज एफआईआर को ही गलत बताते हुए इसे रद्द करने की गुजारिश की।
विजिलेंस द्वारा केस में आरोपी बनाए गए एचसीएस अधिकारी भारत भूषण कौशिक व उनकी पत्नी सारिका के साथ-साथ बर्खास्त पुलिसकर्मी बाला सिंह के वकील एडवोकेट जसवीर सिंह ने बताया कि माननीय हाईकोर्ट ने हमारी दलीलों को सुनने के बाद उक्त तीनों आरोपियों को अंतरिम जमानत देने का फैसला सुनाया है। फिलहाल एचसीएस अधिकारी भारतभूषण कौशिक व उनकी पत्नी सारिका सहित आरोपी बाला सिंह की अंतरिम जमानत हो गई जबकि बाला सिंह की पत्नी कर्मजीत कौर की जमानत पर सुनवाई 27 जनवरी को हाईकोर्ट में होगी।
सेशन कोर्ट में जमानत हो गई थी रद्द
बता दें कि इससे पहले फतेहाबाद सेशन कोर्ट ने पूर्व एसडीएम व उनकी पत्नी सारिका सहित बाला सिंह व उनकी पत्नी की जमानत याचिका खारिज हो गई थी। इसके बाद आरोपियों ने जमानत के लिए हाईकोर्ट में अपील की। इनमें पूर्व एसडीएम व उनकी पत्नी सहित आरोपी बाला सिंह की जमानत पर 24 जनवरी को सुनवाई हुई।
ये है मामला
फतेहाबाद के रतिया में बतौर एसडीएम रहते हुए एचसीएस अधिकारी भारत भूषण कौशिक पर आरोप है कि उन्होंने गैर कानूनी तरीके से रजिस्ट्री करवाकर एक प्रॉपर्टी को अपनी पत्नी और बर्खास्त पुलिसकर्मी बाला सिंह की पत्नी कर्मजीत कौर के नाम करवाया। विजिलेंस ने इस जमीन सौदे के संबंध में एसडीएम सहित 6 लोगों पर 24 दिसंबर 2021 को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की थी।
सिर्फ पटवारी की गिरफ्तारी
भ्रष्टाचार के आरोप में दर्ज इस केस में स्टेट विजिलेंस हिसार की टीम ने एचसीएस अधिकारी भारत भूषण कौशिक व उनकी पत्नी सारिका के अलावा रतिया के तहसीलदार भजनलाल, पटवारी मदनलाल, बर्खास्त पुलिसकर्मी बाला सिंह व कर्मजीत कौर को आरोपी बनाया था। विजिलेंस ने मामले की जांच शुरू करते हुए अब तक केवल सिर्फ पटवारी मदनलाल की गिरफ्तारी की लेकिन अन्य कोई आरोपी अभी तक विजिलेंस के हाथ नहीं लगा।