गांव पीलीमंदोरी में शास्त्रीय संगीतज्ञ पंडित जसराज की 91वीं जयंती पर पंडित जसराज स्पोर्ट्स एवं एजूकेशन वेलफेयर सोसायटी की ओर से रक्तदान शिविर व सांस्कृतिक कार्यक्रम किया गया। समारोह के दौरान जेटीएसई परीक्षा में अव्वल रहे 34 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। रक्तदान शिविर में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की टीम ने 77 रक्तदाताओं का रक्त एकत्रित किया। कार्यक्रम में डीडीपीओ बलजीत चहल मुख्यातिथि रहे जबकि नायब तहसीलदार बलराम जाखड़, रिटायर्ड आईपीएस दलबीर भारती व बीडीपीओ विनय प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्यातिथि ने कहा कि रक्तदाता द्वारा दिया रक्त बहुत मायने रखता है क्योंकि जरूरतमंद को समय पर रक्त पहुंचाना बहुत जरूरी होता है। रक्तदान सबसे बड़ा दान है। इस रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों से बांधा समा : इस दौरान छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। वहीं, विशेष रूप से आमंत्रित दीपेश राही और मुकेश राही ने भी अपने गीतों की प्रस्तुति देकर मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने कहा कि पंडित जसराज ने गांव पीलीमंदोरी के नाम को विश्व में पहचान दिलाई है। उनके जीवन से गांव के बच्चों को प्रेरणा मिल रही है। उनके पिता मोतीराम के नाम से बनी लाइब्रेरी में पढ़ाई कर बच्चे सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे हैं। इस मौके पर पूर्व कर्नल रिपू दमन, सरपंच अनीता देवी, धर्मबीर गोरछिया, हनुमान, सविता, रामचंद्र बगड़िया, राज गोदारा, शिव कुमार, विकास चोयल, मधु, सुनील गोदारा, अजीत माचरा, सतपाल नायक, राजबाला गोदारा, नंबरदार भरत लाल, शिक्षक पवन कुमार, संदीप कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।