चरखी दादरी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में यूजी कोर्स में एडमिशन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर दो सितंबर कर दी गई है। अब पहली मेरिट लिस्ट आठ सितंबर को जारी की जाएगी। जनता कॉलेज में बुधवार शाम तक 1583 उम्मीदवारों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। 81 उम्मीदवारों के आवेदनों की जांच की गई।
जनता कॉलेज एडमिशन कोऑडिनेटर डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने एडमिशन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 26 अगस्त से बढ़ाकर दो सितंबर कर दी गई है। अब आठ सितंबर को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इससे पहले से चार सितंबर तक आवेदनों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन की जाएगी। पहली मेरिट लिस्ट में चयनित उम्मीदवार 13 सितंबर तक अपनी दाखिला फीस जमा करवा सकेंगे। इसके बाद दूसरी मेरिट लिस्ट 15 सितंबर को जारी की जाएगी। इस सूची में चयनित उम्मीदवार 18 सितंबर तक फीस जमा करवा सकेंगे। वहीं, बुधवार तक जनता कॉलेज में 1583 उम्मीदवारों ने आवेदन किए हैं। बीए प्रथम वर्ष में सर्वाधिक 1115 आवेदन आए हैं। इसी प्रकार बीएससी नोन मेडिकल संकाय में 285, बीएससी मेडिकल संकाय में 77 और बीकॉम प्रथम वर्ष में 106 उम्मीदवारों ने आवेदन किए हैं। बुधवार को 81 आवेदनों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन की गई।