JE-SDO समेत छह पर गिरी गाज: मंत्री अनिल विज ने किया सस्पेंड, करंट से युवक की मौत के बाद लिया एक्शन
हरियाणा के करनाल में बिजली विभाग के जेई, एसडीओ समेत छह कर्मियों पर गाज गिरी है। मंत्री अनिल विज ने किया उक्त सभी को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया है।
विस्तार
हरियाणा के उर्जा मंत्री अनिल विज एक बार फिर एक्शन में नजर आए। विज ने लापरवाही बरतने पर बिजली विभाग के जेई और एसडीओ समेत 6 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया।
करनाल के हैबतपुर गांव में बिजली के करंट से मौत होने पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कड़ा संज्ञान लिया है। विज ने एसडीओ समेत छह कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश जारी किए। इनमें एसडीओ मोहित, जेई सुनील व लाइनमैन दीपक, अजीत, सत्यवान व विकास शामिल है। इस मामले में सबके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज के मुताबिक शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार ने बताया उनके खेत में बिजली की तारें नीचे लटकी हुई थी। इस बारे में कई बार एसडीओ, जेई व लाइनमैन को कई बार शिकायत दी थी। मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। लापरवाही का ही नतीजा था कि राजेश की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बिजली की तार सिर्फ पांच मीटर ऊंची थी। यह बड़ी लापरवाही है। इसलिए कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा- किसी भी मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लोगों के काम करने होंगे।