फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Chandigarh-Haryana News ›   Haryana got its own state song Jai Jai Jai Haryana

हरियाणा को मिला अपना राज्य गीत: जय जय जय हरियाणा... स्कूल और कॉलेज में भी होगा लागू, कौन हैं लेखक और गीतकार

Fri, 28 Mar 2025 07:31 PM IST
अंकेश ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: अंकेश ठाकुर Updated Fri, 28 Mar 2025 07:31 PM IST
सार

जय जय जय हरियाणा, जय जय जय हरियाणा ।
पावन धरती वेदों की, जहां हुआ हरि का आणा ।।
इन शब्दों के साथ हरियाणा का अपना राज्य गीत जब विधानसभा सत्र में बजा तो सभी खड़े हो गए। 

विज्ञापन
Haryana got its own state song Jai Jai Jai Haryana
हरियाणा विधानसभा में राज्य चलने पर सभी खड़े हो गए। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हरियाणा को अपना राज्य गीत मिल गया। बजट सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को राज्य गीत जय जय जय हरियाणा सर्वसम्मति से पास हो गया। सत्र के दौरान पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आग्रह पर विधानसभा में सभी विधायकों, अधिकारियों व दर्शकों ने खड़े होकर राज्य गीत को सुना। विधायकों ने इस दौरान सुझाव दिया कि इसे स्कूल व कॉलेज में भी लागू किया जाना चाहिए। जिस तरह से राष्ट्रगान को आदर व सम्मान दिया जाता है, उसी तरह इस राज्य गीत के नियम व गाइडलाइंस होने चाहिए।

विज्ञापन


इस पर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि नियमों व गाइडलाइंस के लिए विधायकों की कमेटी बनाई जाएगी।

विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह गीत हरियाणा के लोगों को गर्व और गौरव से भर देगा। इस गीत का प्रस्ताव पूर्व सीएम मनोहर लाल लेकर आए थे। उनका मानना था कि हरियाणा का भी अपना राज्य गीत होना चाहिए। सैनी ने कहा कि हरियाणा 1966 में एक अलग राज्य बना था। मगर 6 दशक बीत जाने पर भी हमारा कोई राज्य गीत नहीं है। राज्य गीत किसी भी प्रदेश के गौरव को प्रकट करता है। यह राज्य गीत हमारे इतिहास और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें हरियाणा की महान संस्कृति की सुगंध है।

विज्ञापन

अनावश्यक शब्द हटाए गए, किसी ने भी पैसा नहीं लिया

राज्य गीत कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण यादव ने कहा कि गीत बनाने में कई लोगों का योगदान रहा है। गीत के भाव और भाषा को लेकर कई सुझाव आए थे। यादव ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी इसमें सुझाव दिए थे। गीत के बोल सुंदर गोरी महिलाओं के शब्द पर उन्होंने आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि फिर काली कहां जाएंगी? उनके सुझाव पर विचार करते हुए इस शब्द की जगह सुंदर स्याणी नारी को शामिल किया गया। इस दौरान कमेटी की सदस्य गीता भुक्कल ने कहा इस गीत को लिखने, गाने और संगीत देने वाले गीतकार व कलाकारों ने कोई भी पैसा नहीं लिया है। जबकि उन्हें सरकार की ओर से ऑफर किया गया था।

डॉ. बालकिशन ने लिखा गीत, 12 बैठकों के बाद हुआ फाइनल

हरियाणा के राज्य गीत को पानीपत के डॉ. बालकिशन शर्मा ने लिखा है। इसके गीतकार डा. श्याम शर्मा हैं। वहीं, संगीतकार पारस चोपड़ा व निर्देशित मालविका पंडित ने किया है। इस गीत को फाइनल करने के लिए कमेटी की कुल 12 बैठक हुई हैं। राज्य गीत फाइनल करने के लिए पांच विधायकों की कमेटी बनी थी, जिसमें भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव को अध्यक्ष व गीता भुक्कल, विनोद भयाना, बलवान सिंह दौलतपुरिया और आदित्य देवीलाल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया। कमेटी के पास कुल 204 गीत पहुंचे थे।

तीन ने जताई थी आपत्ति

राज्य गीत पर राज्य के तीन लोगों ने आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि यह गीत उन्होंने लिखा था। उनका आरोप था कि गीत में शामिल उनके बोल उनके गीत से कॉपी किया गया है। हालांकि कमेटी इन सभी आपत्तियों को खारिज कर राज्यगीत फाइनल कर लिया है।

विज्ञापन

यह है हरियाणा का राज्य गीत

जय जय जय हरियाणा, जय जय जय हरियाणा ।
पावन धरती वेदों की, जहां हुआ हरि का आणा ।।
जय जय जय हरियाणा, जय जय जय हरियाणा ।
गीता ज्ञान धरोहर इसकी, महाभारत इतिहास ।
मुकुट शिवालिक आधार अरावली, यमुना बहती पास ।।
मौज मनावैं, कातक न्हावैं, पूरी मन की आस ।
सरस्वती के अमृत रस का, यहीं सदा है वास ।।
सादा जीवन सादा बाणा, दूध दही का खाणा ।
जय जय जय हरियाणा, जय जय जय हरियाणा।
छैल छबीले मर्द निराले, सुंदर स्याणी नार ।
होली, दिवाली, ईद, गुरपुरब, मनते तीज त्योहार ।।
भाईचारा जग से न्यारा, बढ़े प्यार में प्यार ।
दिन दूणा अर रात चौगुणा, शिक्षा और व्यापार ।।
बजते डेरू, ढोल, नगाड़े, सांग, रागणी गाणा।
जय जय जय हरियाणा, जय जय जय हरियाणा।
उपजाते हैं फसल सुनहरी, खेतों बीच किसान ।
खेल खिलाड़ी मेडल लाकर करें देश का मान ।।
सीमाओं पर हरदम चौकस यहां के वीर जवान ।
छोटा सा प्रदेश, देश की अजब निराली शान ।।
अतिथि देवो भवः यहां सेवा धर्म निभाणा ।
जय जय जय हरियाणा, जय जय जय हरियाणा ।
जय जय जय हरियाणा, जय जय जय हरियाणा ।।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed