फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   Rural drink the water, he could not tolerate foul Minister

ग्रामीण पीते हैं जो पानी, उसकी दुर्गंध भी नहीं सह सकीं मंत्री

Tue, 03 Feb 2015 12:24 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, भिवानी
ब्यूरो/ अमर उजाला, भिवानी Updated Tue, 03 Feb 2015 12:24 AM IST
विज्ञापन

मंत्री जी, लो आप यह पानी पी लो। अगर आप एक बार भी यह पानी पी लेंगी तो हम रोज यह पानी पीने को तैयार हैं। रानीला गांव से आई कला सिंह, ओमप्रकाश सहित अन्य महिलाओं ने गांव में महीनों से आ रहे दूषित पानी से भरा गिलास मंत्री कविता जैन के सामने रखा तो अफसर भौंचक्के रह गए।

विज्ञापन


खुद मंत्री भी अवाक थीं। महिलाओं के हाथों से गिलास लेते हुए मुंह के पास ले गई, मगर दुर्गंध आते ही नाक सिंकोड़ कर पानी वापस कर दिया। मौके पर ही जनस्वास्थ्य विभाग के अफसरों को तलब करते हुए हिदायत दी कि तत्काल गांव में शुद्ध पानी का इंतजाम कराया जाए। अफसरों ने मार्च तक यह प्रक्रिया पूरी करने की बात कही तो मंत्री ने उन्हें तब तक टैंकर के जरिये पानी की आपूर्ति देने का निर्देश दिया।
विज्ञापन


मौका था पंचायत भवन में कष्ट निवारण समिति की बैठक का। करीब एक साल बाद हो रही बैठक में कुल 15 परिवाद आए। इसमें ज्यादातर मामले जनस्वास्थ्य विभाग और पुलिस से जुड़े थे। राजीव कॉलोनी की जनकल्याण समिति के सदस्यों का कहना था कि घरों तक पानी नहीं पहुंचता। गलियां संकरी होने के कारण टैंकर भी नहीं जा पाता। जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन संजीव त्यागी ने बताया कि हुडा के अवरोध से काम बाधित था। रोड कटिंग की क्षतिपूर्ति के लिए 6.58 लाख रुपये मांगे गए हैं। धनराशि आते ही काम आरंभ करा दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


गांव मोहिल्ला निवासी जयबीर सिंह गांव से शराब का ठेका बंद कराने, मंढौली की बाला देवी ने मानदेय भुगतान, खैरपुरा की कृष्णा देवी ने दो माह का बकाया पेंशन से सम्बन्धित परिवाद रखे। सरल के मीर सिंह, बापोड़ा के अशोक कुमार, दादरी की राजो देवी के परिवाद की भी सुनवाई हुई। मंत्री ने सभी प्रकरणों पर संबन्धित अफसरों से जवाब तलब करते हुए समुचित निस्तारण के निर्देश दिए।

स्वच्छ प्रशासन को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए समय सीमा के अंदर जन शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने की हिदायत दी। कहा कि सीएम विंडो तक पहुंचने से पहले ही समस्याओं का समाधान सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में विधायक घनश्याम सर्राफ, सुखविंद्र मांढी, उपायुक्त डॉ. साकेत कुमार, एसपी अश्विन शेणवी, प्रशिक्षु आईएएस निशांत यादव, नगराधीश जगदीप सिंह, ताराचंद अग्रवाल, शंकर धूप्पड़, जेपी दलाल, नंदकिशोर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
बैठक में आए प्रमुख मामले:
केस : 1...
झूठ बोल रहे हैं अफसर, नहीं आता पानी
बैठक में पहुंचे कासनी व सौंफ गांव के लोगों ने नहरी पानी न आने से वाटर टैंक के नीचे जमा कड़वा पानी की सप्लाई करने की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना था कि यह पानी पीने लायक नहीं है। इसके सेवन से तमाम लोग बीमार हो रहे हैं। टेस्ट में भी पानी फेल हो चुका है। जनस्वास्थ्य विभाग सिर्फ आश्वासन देता है। बैठक में  विभागीय अफसरों ने कहा कि नहर में पानी आ गया है। टैंक को भर दिया गया है। ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि अफसर झूठ बोल रहे हैं। किसी को भेजकर दिखवा लें पानी नहीं आ रहा। पाइप लाइन भी लीकेज है। मंत्री ने मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।
---
केस : 2...
डेढ़ माह में बना राशन कार्ड, भौंचक्क रह गई मंत्री
प्रेमनगर निवासी मुनीष कुमार ने 18 नवंबर को राशन कार्ड के लिए खाद्य विभाग में आवेदन किया था। उसे कार्ड जारी करने में विभाग ने डेढ़ माह लगा दिए। मंत्री ने इस पर विभागीय अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि साफ जाहिर है कि कष्ट निवारण समिति में मामला आने के कारण कार्ड बनाया गया है। पहले आप लोग क्यों नहीं जागे। ऐसे ढेरों मामले होंगे। सभी अफसर अपनी कार्यप्रणाली सुधार लें। तय समय सीमा में काम होना चाहिए। दोबारा ऐसे मामले आए तो सम्बन्धितों पर कार्रवाई होगी।
---
केस : 3...
कागजों में पाइप लाइन, मौके पर है गायब
सेक्टर-13 की कमला गुलाटी ने शिकायत में बताया कि डबल स्टोरी बूथ बनाया है, जिसका कंपलीशन सर्टिफिकेट भी उन्हें मिल चुका है। हुडा ने एक्सटेंशन की फीस भी ले ली, मगर अब तक पानी नहीं मिला है। हुडा विभाग पाइप लाइन बिछाने के दावे कर कनेक्शन दे रहा है, जबकि जेसीबी से खुदाई में कहीं पाइप ही नहीं मिली। सीवर लाइन भी ब्लॉक है, इससे पड़ोस में स्थित रेस्टोरेंट का गंदा पानी उनकी मकान की नींव में जा रहा है। वर्ष 2012 से पत्र लिख रहे हैं। तीन एसडीई निरीक्षण कर चुके हैं, मगर समस्या जस की तस है। मंत्री ने मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।

---
केस : 4...
पति की हत्या हुई, पुलिस कहती है सबूत लाओ
दादरी के रघबीर सिंह की बीते 13 जून को हत्या हो गई थी। तमाम जांच के बाद पुलिस यह पुष्ट भी कर चुकी है। मगर अब तक हत्यारे गिरफ्त से बाहर हैं। रघबीर की पत्नी राजो देवी का कहना था कि जिन आरोपियों के नाम पुलिस को दिए थे। उन पर भी कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस कहती है सबूत लाओ। सबूत हम ढूंढेंगे तो पुलिस क्या करेगी। मंत्री कविता जैन ने इस पर एसपी से जवाब तलब किया। एसपी का कहना था कि मामले में आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की तैयारी चल रही है। मंत्री ने इसकी रिपोर्ट मांगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed