फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   Manisha's last rites will not be performed until justice is served, the village was sealed by putting trees, bricks and stones, internet service was shut down

Bhiwani News: इंसाफ मिलने तक मनीषा का अंतिम संस्कार नहीं, पेड़, ईंट-पत्थर डालकर गांव को सील किया, इंटरनेट सेवा बंद

Wed, 20 Aug 2025 01:42 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी Updated Wed, 20 Aug 2025 01:42 AM IST
विज्ञापन
Manisha's last rites will not be performed until justice is served, the village was sealed by putting trees, bricks and stones, internet service was shut down
भिवानी। शिक्षिका मनीषा मौत मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया। पुलिस द्वारा मनीषा के आत्महत्या करने की थ्योरी को झूठा बताते हुए मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ढाणी लक्ष्मण में पंचायत ने एलान किया कि न्याय मिलने तक मनीषा के शव का अंतिम संस्कार नहीं होगा और मामले की सीबीआई जांच की जाए। प्रदर्शनकारियों ने ढाणी लक्ष्मण को चारों तरफ से सील कर दिया। पेड़, ईंट और पत्थर डालकर रास्ते बंद कर दिए। एहतियात के तौर पर स्कूल को भी बंद रखा गया। पंचायत में भारी संख्या में महिलाएं भी हाथों में लाठियां लेकर बैठी रहीं। इधर तनाव बढ़ता देख भिवानी पुलिस की टीम गांव के बाहर तैनात कर दी गई। साथ ही दो दिन के लिए भिवानी और चरखी दादरी जिले में इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई। रोहतक रेंज के आईजी भी भिवानी पहुंचे और इस मामले में पुलिस द्वारा साइंटिफिक तरीके से जांच किए जाने की बात कही है। पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो चुका है।
विज्ञापन


------------
पुलिस जांच और अंतिम संस्कार पर पिता ने जताई थी सहमति
हालांकि सोमवार की शाम पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट साझा करने और आत्महत्या की थ्योरी बताने के बाद मनीषा के पिता संजय ने पुलिस जांच पर संतुष्टि जताते हुए देर रात अंतिम संस्कार को लेकर सहमति जताई थी। वहीं, मंगलवार की सुबह सामने आए एक वीडियो ने पूरी कहानी बदल दी। मनीषा के पिता ने कहा कि अंतिम संस्कार करने के लिए प्रशासन ने कमेटी और कमेटी ने मुझ पर दबाव बनाया। उन्होंने कहा रात को ही पहले गठित की गई कमेटी को भंग कर दिया गया था और अब बागडोर ग्रामीणों ने खुद संभाली हुई है। इसके साथ ही गांव में मंगलवार सुबह से लोगों की भीड़ जुटने लगी और शव गांव में न आ सके इसके लिए सभी रास्तों को बंद कर दिया गया। ढाणी लक्ष्मण में चली पंचायत में किसान नेता सुरेश कोथ सहित किसान नेताओं ने भी अपना समर्थन दिया है।
विज्ञापन

------------
मनीषा का पिता बोले-दबाव में आकर दिया था बयान

सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में मनीषा के पिता संजय ने कहा कि मेरी बेटी कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। मुझे उस पर इतना विश्वास है। प्रशासन कह रहा है कि उसने आत्महत्या की है। मैं इसको नहीं मानता कि मेरी बेटी आत्महत्या कर लेगी। सारी मेडिकल टीम ने ये दिखाया कि उसने आत्महत्या की है। मैं कहता हूं कि उसने आत्महत्या नहीं की है। मुझे मेरी बेटी के लिए न्याय चाहिए। यह वीडियो उन्होंने खुद बनाकर जारी किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


------------
दो दिन के लिए इंटरनेट बंद, अतिरिक्त फोर्स मंगवाई

ढाणी लक्ष्मण में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भिवानी और चरखी दादरी में 19 अगस्त सुबह 11 बजे से 21 अगस्त की सुबह 11 बजे तक इंटरनेट बंद कर दिया गया। प्रदेश गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने लॉ एंड ऑर्डर का हवाला देते हुए इंटरनेट सेवा बंद करने के लिए एक पत्र जारी किया। जिसमें ब्रॉडबैंड और लीजलाइन को छोड़ सभी तरह की इंटरनेट सेवा और बल्क एसएमएस बंद रखे जाने की जानकारी दी गई थी। तनाव को बढ़ता देख दूसरे जिलों से भी भिवानी में पुलिस फोर्स बुलाई गई है।

------------
तोशाम बस स्टैंड बंद कर साढ़े तीन घंटे लगाया सड़क पर जाम
मनीषा मौत मामले में मंगलवार को भी प्रदेश में कई जगहों पर प्रदर्शन किए गए। इसी कड़ी में दोपहर पौने 12 बजे तोशाम बस स्टैंड के दोनों गेट बंद कर छात्राओं ने तोशाम-हिसार मार्ग पर जाम लगा दिया। छात्राओं ने बंस स्टैंड के दोनों गेट बंद रखे, जिसकी वजह से कोई भी रोडवेज या प्राइवेट बस अपने रूट पर नहीं चली। जबकि बस स्टैंड के आगे जाम लगाने की वजह से करीब साढ़े तीन घंटे वाहन भी जाम में फंसे रहे। तोशाम थाना एसएचओ महावीर ने सवा तीन बजे छात्राओं का जाम खुलवाया। छात्राएं मनीषा की मौत पर न्याय मांग रही हैं।

------------
नाजायज दबाव ना बनाए प्रशासन और सरकारः दिग्विजय चौटाला

इधर इस मामले में इनसो के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से कहा कि सरकार और प्रशासन इस मामले में नाजायज दबाव न बनाए, अन्यथा इसके दुष्परिणाम उन्हें भुगतने होंगे। उन्होंने पुलिस का भी आह्नान किया कि मनीषा की मौत का सच लोगों के सामने लाया जाए। उन्होंने कहा कि पिता और ग्रामीणों की इच्छा के अनुसार ही अंतिम संस्कार होना चाहिए। मोबाइल सेवा बंद कर सरकार मामले में नाजायज दबाव बना रही है।

------------

आईजी बोले- वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है जांच

मनीषा की मेडिकल रिपोर्ट आ चुकी है। परिजनों व मौअजिज लोगों को ब्रीफिंग दी जा चुकी है। पुलिस वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार मृतका के पेट में कीटनाशक पाया गया, कोई दुराचार नहीं हुआ है। न ही चेहरे पर एसिड फेंका गया है। दो बार पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। पहले पोस्टमार्टम के दौरान शरीर के अंदरुनी अंगों को मेडिकल बोर्ड द्वारा निकालकर विसरा व अन्य जांच के लिए भेजा गया था, जबकि दूसरे पोस्टमार्टम में ये अंग नहीं थे। पहले दिन से पुलिस के पास सुसाइड नोट था। मृतका के परिजन भी सुसाइड नोट की लिखाई की पुष्टि कर चुके हैं। प्रारंभिक तौर पर घटना के महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सार्वजनिक न करना जांच का हिस्सा है।

-वाई पूर्ण कुमार आईजी रोहतक रेंज।
------------
न्याय के लिए हर संभव लड़ेंगे लड़ाई : गुरनाम चढूनी

गांव ढाणी लक्ष्मण की पंचायत में मंगलवार शाम भाकियू प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी भी पहुंचे। उन्होंने पंचायत में मौजूद ग्रामीणों व मनीषा के परिजनों को विश्वास दिलाया कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए हर संभव लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आंदोलन को जीतने के लिए कमेटी की जरूरत होती है। जो इस आंदोलन को आगे तक लेकर जाएगी। वहीं पंचायत में मौजूद ग्रामीणों ने मनीषा को न्याय दिलाने तक पक्का मोर्चा लगाने की भी बात कही।

------------
दादरी में सर्वखाप ने की महापंचायत, कहा- पुलिस की थ्योरी से संतुष्ट नहीं

चरखीदादरी। शिक्षिका मनीषा मौत मामले को लेकर बाबा स्वामी दयाल धाम पर मंगलवार को सर्वखाप ने महापंचायत की और पुलिस की थ्योरी पर असहमति जताई। खापों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है, जो पीड़ित परिवार से मिलेगी। फोगाट खाप प्रधान सुरेश फोगाट की अध्यक्षता में करीब डेढ़ घंटे पंचायत चली और इसमें 12 वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इसके बाद खाप पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार का तन, मन व धन से साथ देने और जिले के मौअजिज लोगों की 11 सदस्यीय कमेटी गठित करने का निर्णय लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed