फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   SP,crime,protest, youth, police, charkhidadri

एसपी ने दिए आदेश, लाठीचार्ज से पहले खुला जाम

Tue, 02 May 2017 01:46 AM IST
ब्यूरो /अमर उजाला
ब्यूरो /अमर उजाला Updated Tue, 02 May 2017 01:46 AM IST
विज्ञापन
SP,crime,protest, youth, police, charkhidadri
चौकी में तोड़फोड़ के साथ एसपी से झड़प - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अचीना अड्डे पर बस से कुचलने से युवक की मौत के बाद युवकों के हंगामा मचाने और जाम लगाने पर एसपी सुनील दलाल ने लाठी चार्ज के आदेश दे दिए। इस पर हंगामा करने वाले ग्रामीण बैकफुट पर आ गए। उन्होंने शव को एंबुलेंस में रखवाकर तुरंत जाम खोल दिया। इससे पहले बिफरे ग्रामीणों ने जमकर उत्पात मचाया। चौकी में तोड़फोड़ के साथ एसपी से झड़प तक हुई। इसके बावजूद भी एसपी सुनील दलाल ने ग्रामीणों को चौकी का स्टाफ बदलने का आश्वासन देते हुए जाम खोलने की अपील ग्रामीणों से की। उनकी अपील को नजरअंदाज करते हुए ग्रामीणों ने एक बार फिर से चौकी की ओर रूख कर लिया। इसके बाद एसपी खुद चौकी के मेन गेट पर खड़े हो गए और भीड़ को चौकी से दूर रहने की चेतावनी दी। गहमा-गहमी होने पर एसपी ने पुलिस जवानों को लाठी चार्ज के आदेश दे दिए। पुलिस के मंसूबों को भांपते हुए उत्पात मचाने वाले ग्रामीण एकाएक सड़क से उठने को तैयार हो गए।  
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे बस दुघर्टना ठीक अचीना पुलिस चौकी के सामने हुई। घटना के समय चौकी इंचार्ज एएसआई राजकुमार पुलिस परेड में भाग लेने दादरी आए हुए थे। उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही गुस्साए ग्रामीण मुख्यमार्ग जाम कर बस को आग के हवाले कर चुके थे। चौकी इंचार्ज ने मामले की सूचना एसपी को दी। इसके बाद एसपी ने डीएसपी हैड क्वार्टर सुरेश हुड्डा को पुलिस की दो कंपनी सहित मौके पर भेज दिया। डीएसपी के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने चौकी में तोड़फोड़ का प्रयास किया लेकिन चौकी इंचार्ज राज कुमार ने उन्हें गेट पर ही रोके रखा। डीएसपी हेड क्वार्टर ने ग्रामीणों को समझाना चाहा, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी नहीं सुनी तो उन्होंने एसपी को मामले से अवगत करवाया। इसके बाद एसपी खुद मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शव उठाने व जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने एसपी से उलझने का प्रयास किया और मौके पर रोडवेज जीएम को बुलाने की बात कही। वहीं, ग्रामीणों ने एसपी के सामने चौकी स्टाफ पर रोडवेज चालक को मौके से भगाने का आरोप लगाया। एसपी ने इस आरोप पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए चालक की गिरफ्तारी करने की भी बात कही। इसके बाद भी ग्रामीण चौकी की तरफ बढ़ने लगे। ग्रामीणों की प्लानिंग को भांपते हुए एसपी सुनील दलाल व करीब 35-40 पुलिस कर्मचारी चौकी में उनसे पहले ही घुस गए और उपद्रव मचाने के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने अड्डे पर बस रुकवाने समेत स्पीड ब्रेकर बनाने की और चौकी स्टाफ को बदलने की मांग की। एसपी ने उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दे दिया। इसके बाद ग्रामीण शव उठाने के लिए राजी हो गए लेकिन युवा जाम न खोलने की बात पर अड़े रहे तो एसपी ने फोर्स को बुलाकर लाठी चार्ज करने के आदेश दे दिए। इस पर जाम लगाने वाले लोग सड़क से उठ गए और उन्होंने शव उठाने पर भी सहमति जता दी।
विज्ञापन

मोबाइल व कैमरे छीनकर की मारपीट
सूचना पाकर मौके पर कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को भी ग्रामीणों ने नहीं बख्शा। माजरे को अपने मोबाइल व कैमरे में कैद करने का प्रयास कर रहे मीडिया कर्मियों को कैमरे चलाने पर अंजाम भुगतने की धमकी ग्रामीणों ने दे डाली। इस दौरान एक मीडियाकर्मी का मोबाइल फोन व कैमरा भी कुछ युवकों ने छीन लिया और उसे अपने पास रख लिया। इसका विरोध करने पर उक्त मीडियाकर्मी के साथ मारपीट भी की गई। पुलिस कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर ग्रामीणों के चुंगल से मीडियाकर्मी को छुड़वाया। इससे पहले ग्रामीणों ने मोबाइल फोन में वीडियो बनाने वाले एक ट्रक चालक व एक-दो अन्य लोगों से मारपीट कर उनके फोन छीनकर तोड़ डाले।
विज्ञापन
विज्ञापन

झज्जर जिले से मंगवानी पड़ी एक पुलिस कंपनी
ग्रामीणों को समझाने के लिए एसपी सुनील दलाल के मौके पर पहुंचने से पहले ही दादरी जिले के विभिन्न थानों-चौकियों के प्रभारी अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे गए। डीएसपी हैड क्वार्टर के साथ सिटी थाना प्रभारी विकास कुमार, सदर थाना प्रभारी उदमीराम, बौंदकलां थाना प्रभारी शमशेर सिंह, इंस्पेक्टर जगराम ने मौके पर मोर्चा संभाला। वहीं, ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए एसपी सुनील दलाल ने झज्जर एसपी से संपर्क कर एक कंपनी भी मांगी। इसके बाद बेरी थाना व झज्जर थाने से एक कंपनी डीएसपी के नेतृत्व में चल भी पड़ी थी लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही बात बन गई और ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
रोडवेज बसों के रूट किए डायवर्ट
घटना के बाद ग्रामीणों के बस को आग लगाने से रोडवेज विभाग भी सतर्क हो गया। दादरी-दिल्ली रूट पर चलने वाली बसों के विभाग ने रूट डायवर्ट कर दिए। कुछ बसों को झिंझर की तरफ से निकाला गया तो कुछ को समसपुर- बिरोहड़ होते हुए रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि आग के हवाले की गई बस के ठीक पीछे एक और रोडवेज बस थी, जिसे चालक ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत वापस मोड़ लिया और अप्रोच रास्तों से बस को सुरक्षित बाहर निकाल ले गया।
ग्रामीणों व रोडवेज महकमे के बीच पीस गया चौकी स्टाफ
घटना से खफा ग्रामीणों ने पहले बस चालक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि युवक के अड्डे पर बस रोकने की बात को चालक ने जान-बूझकर अनसुना कर दिया और बस की स्पीड बढ़ा दी। युवक ने चलती बस से उतरने का प्रयास किया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसपी के सामने ग्रामीणों ने चौकी स्टाफ पर भी अनियमितताओं के आरोप जड़ दिए। एसपी ने भी ग्रामीणों को आरोपों पर तुरंत प्रभाव से अचीना चौकी का पूरा स्टाफ बदलने का आश्वासन दे दिया। ग्रामीणों व रोडवेज महकमे के बीच हुए विवाद में अचीना पुलिस चौकी का पूरा स्टाफ पीस गया।
एसआई पवन कुमार को सौंपी अचीना चौकी की कमान
एसपी सुनील दलाल ने चौकी इंचार्ज एएसआई राजकुमार सहित पूरे स्टाफ को ही बदल दिया। एएसआई राजकुमार की जगह अब ट्रैफिक पुलिस की कमान संभालने वाले एसआई पवन कुमार को अचीना चौकी प्रभारी एसपी ने नियुक्त किया है। एएसआई राजकुमार ने बताया कि चौकी में पांच कांस्टेबल, पांच ईएएसआई, दो एसपीओ व दो होमगार्ड के जवान सहित कुल 15 पुलिस कर्मचारी तैनात थे। इन सबको अलग-अलग थानों में भेजा गया है। वहीं, एएसआई राजकुमार को ट्रैफिक टीम में लगाया गया है। एसपी के कार्यभार संभालने के बाद यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले एसपी ने आदमपुर पुलिस चौकी का निरीक्षण किया था और इस दौरान उन्हें वहां अनियमितताएं मिली थी। तत्कालीन चौकी स्टाफ के खिलाफ आई शिकायतों को देखते हुए एसपी ने तत्काल ही पूरा स्टाफ बदल दिया था। सोमवार को पूरे चौकी स्टाफ में फेरबदल की दूसरी बड़ी कार्रवाई जिला पुलिस कप्तान अमल में लाए।
धूं-धूं कर जलती रही बस, दमकल विभाग को नहीं बुझाने दी आग
बस में आग लगने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी को भी ग्रामीणों ने रोक लिया। ज्यों ही दमकल विभाग की गाड़ी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची तो ग्रामीण ठीक चौकी के सामने इसके आगे अड़ गए। ग्रामीणों ने धूं-धूं कर ल रही बस तक दमकल विभाग की गाड़ी को नहीं पहुंचने दिया और इस गाड़ी को वापस मुड़वाकर दादरी की तरफ भेज दिया।

वर्जन::
ग्रामीणों को दिए आश्वासन अनुसार मैंने चौकी का पूरा स्टाफ बदला है। मारपीट के संबंध में पुलिस के पास शिकायतें आईं हैं। इस संदर्भ में आरोपियों के खिलाफ हम मामला भी दर्ज कर चुके है। हर हाल में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी। हमने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में हमने परिचालक की शिकायत पर 12 नामजद सहित करीब 50 अन्य पर व मृतक के चाचा की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सुनील दलाल, एसपी
 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed