भिवानी में वारदात: खेत में रखवाली करने गए किसान की लाठी डंडों से पीट-पीटकर की हत्या, पिता-पुत्र सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज
सदर पुलिस थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि कुलदीप सोमवार रात को रोजाना की तरह लावारिस पशुओं से गेहूं की फसल की रखवाली करने के लिए गया था। इस दौरान उसने खेत में बने कमरे में गांव के तीन अन्य लोगों के साथ बैठकर शराब पी।
विस्तार
भिवानी के गांव तालु में लावारिस पशुओं से फसल की रखावली करने खेत गए किसान की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। परिजनों ने हत्या का आरोप गांव के ही तीन लोगों पर लगाया है, जिनमें आरोपी पिता-पुत्र और एक अन्य है। मामले की सूचना मिलने पर सदर पुलिस थाना प्रभारी जयसिंह अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मामला सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे का है। गांव तालु निवासी 35 वर्षीय कुलदीप गांव में खेतीबाड़ी करता था। सदर पुलिस थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि कुलदीप सोमवार रात को रोजाना की तरह लावारिस पशुओं से गेहूं की फसल की रखवाली करने के लिए गया था। इस दौरान उसने खेत में बने कमरे में गांव के तीन अन्य लोगों के साथ बैठकर शराब पी।
इसके बाद उनकी आपस में कहासुनी हो गई। इस बाद आरोपी वहां से चला गया। कुछ देर बाद आरोपी अपने बेटे को बाइक पर बैठा कर कुलदीप के खेत में ले गया और अन्य व्यक्ति सहित कुलदीप के सिर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसकी वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस को मामले की सूचना कंट्रोल रूम से प्राप्त हुई, जिसके बाद सदर पुलिस ने मौके पर जाकर घटना का मुआयना किया।
पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे। हत्या के कारणों की स्पष्ट पुष्टि के लिए पुलिस ने मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम बोर्ड द्वारा करवाया है। इसमें तीन चिकित्सकों की टीम को शामिल किया गया था।
दो बहनों ने खोया भाई, तो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक कुलदीप का पिता सतबीर भी खेतीबाड़ी करता है। कुलदीप दो बहनों का इकलौता भाई था और वह एक बेटा और एक बेटी का पिता था। कुलदीप की हत्या की वजह से दो बहनों से भाई और दो मासूमों के सिर से पिता का साया उठा गया है। नागरिक अस्पताल के पहुंचे सतबीर बेटे की मौत के कारण उनके आंसू रोक नहीं पाए।
मौके पर पुलिस को मिली खाली बोतल व गिलास
हत्या की प्रारंभिक जांच के दौरान सदर थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि उन्हें मौके पर शराब की खाली बोतल और गिलास मिले है। इससे यह प्रतीत होता है कि वहां बैठकर सब लोगों ने पहले शराब पी है, जिसके बाद उनका झगड़ा हुआ है और आरोपियों ने इस घटना का अंजाम दिया। वहीं अभी तक पुरानी रंजिश की कोई बात सामने नहीं आई है।
अस्पताल में पहुंचे एएसपी हितेश
कुलदीप हत्या मामले की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश भी अपनी टीम के साथ नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सदर थाना प्रभारी और जांच अधिकारी एसआई विकास से मामले की पूरी जानकारी ली और मामले की गहना के जांच की बात कही। इसके बाद उन्होंने मृतक कुलदीप के परिजनों से बात की और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गांव तालु निवासी कुलदीप की लाठी-डंडों से पीटाई कर हत्या का मामला सामने आया है। इस संबंध में मृतक के पिता सतबीर के बयान पर आरोपी पिता-पुत्र सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - जयसिंह, प्रभारी, सदर पुलिस थाना।