पेट्रोल पंप से 3.5 लाख रुपये लूटे, सेल्समैन पर किया हमला, बंधक बना सीसीटीवी भी तोड़ा
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 709 ई के पिलानी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन को बंधक बनाकर चार-पांच नकाबपोश बदमाश साढ़े तीन लाख रुपये लूट ले गए। दो कारिंदों के मोबाइल भी छीन ले गए। लुटेरों ने सेल्समैन पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया और बाद में सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर उसकी डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
घायल कारिंदे को पहले उपचार के लिए आपातकालीन विभाग लाया गया और फिर पीजीआई रोहतक ले जाया गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल की टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है। मामला रविवार रात करीब डेढ़ बजे का है।
बदमाशों ने पिलानी रोड स्थित हिमांशी पेट्रोल पंप को अपना निशाना बनाया। हथियारों के साथ आए चार-पांच नकाबपोश युवकों ने सेल्समैन राजस्थान के जिला तारानगर के नेठवा निवासी जयचंद को रस्सियों से बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। उससे दराज की चाबी छीनी और उसमें से करीब साढ़े तीन लाख लाख की नकदी लूटकर फरार हो गए। लुटेरों ने घटनास्थल से सबूत मिटाने के लिए मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले और वहां लगा डीवीआर भी साथ ले गए। बताया जाता है कि सभी लुटेरे सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए थे।
घायल सेल्समैन को लोहारू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद भिवानी रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर लोहारू थाना प्रभारी रमेश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल सेल्समैन जयचंद की शिकायत पर लोहारू थाना पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कान पर डंडा मार छीनी दराज की चाबी
हमले में घायल जयचंद ने पुलिस को बताया कि रात 10 बजे वह पेट्रोल पंप पर तेल डालना बंद कर अपने कमरे में सो गए थे। उसके साथ उसका साथी राजपाल था। देर रात एक गाड़ी में चार युवक आए जो हाथों में डंडे, बरछी आदि लिए हुए थे। सभी अपने मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे। एक ने मुझसे कहा कि पैसे कहां है। इतनी देर में दूसरे युवक ने मेरे कान पर डंडा मारा और मुझसे दराज की चाबी छीन ली। दराज में नकदी रखी थी, जो निकाल ली। इसके बाद मुझे व राजपाल को अलग-अलग कमरे में बंद कर दिया। हमारे फोन भी छीन ले गए।
देर रात को चार-पांच नकाबपोश युवकों ने हिमांशी पेट्रोल पंप के सेल्समैन जयचंद को रस्सियों से बांधकर पेट्रोल पंप से 3.5 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। लुटेरों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है। सीन ऑफ क्राइम, एफएसएल और साइबर क्राइम की टीमों ने मौके से तथ्य जुटाए हैं। मामले की जांच की जा रही है। आस-पास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। - रमेश चंद्र, एसएचओ लोहारू थाना।