भिवानी: फंदे पर लटका मिला दो दिन से लापता प्रवासी मजदूर का शव, यूपी के आजमगढ़ का था निवासी
6 अप्रैल को उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ से भिवानी आया था और शनिवार से लापता था। खेतों में भेड़ बकरी चराने वाले चरवाहे ने खंडहर मकान से बदबू आने पर इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के भिवानी के तोशाम क्षेत्र के गांव खानक के सुनसान जगह स्थित एक खंडहर मकान की टूटी छत पर एक प्रवासी मजदूर का शव सोमवार शाम को फंदे पर लटका हुआ मिला। फंदे से लटका शव गली सड़ी हालत में था। खेतों में भेड़ बकरी चराने वाले चरवाहे ने खंडहर मकान से बदबू आने पर इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद मामला तोशाम पुलिस थाने तक पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंची।
तोशाम पुलिस को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी मुकेश ने बताया कि वह खानक की एक खनन कंपनी में मशीन ऑपरेटर का काम करता है। उसका छोटा भाई 24 वर्षीय आकाश 6 अप्रैल को गांव से यहां काम करने के लिए आया था। शुक्रवार रात को उसके भाई ने ड्यूटी दी थी। शनिवार रात को वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा और लापता हो गया। उसने अपने छोटे भाई के लापता होने की सूचना भी तोशाम पुलिस थाने में दी थी।
इसी दौरान उसे पुलिस ने बताया कि उसके छोटे भाई आकाश का शव सुनसान जगह पर एक खंडहर मकान की टूटी हुई छत पर फंदे से लटका हुआ है। इस पर वह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस को भी खेतों में भेड़ बकरियां चराने वाले चरवाहों ने खंडहर मकान से बदबू आने पर शव फंदे से लटका होने की सूचना दी थी।
मुकेश ने बताया कि उसका भाई यहां आने के बाद मानसिक तनाव में था। इसी वजह से उसने यह कदम उठा लिया। अंदाजा यह भी है कि फंदे पर युवक का दो दिन तक शव लटकता रहा। गर्मी के मौसम में शव सड़ने लगा। फिलहाल पुलिस ने मंगलवार सुबह शव का भिवानी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई मुकेश ने बताया कि आकाश अविवाहित था और काम के सिलसिले में यहां उसके पास आया था।
हमें खंडहर मकान में एक युवक के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली थी। दो दिन पहले ही वह लापता हो गया था। इस संबंध में उसके भाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की गई है। -एएसआई दलजीत जांच अधिकारी तोशाम पुलिस थाना।