भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद परीक्षा नियंत्रक पवन गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष योगेश कुमार ने की। एबीवीपी ने कहा कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
योगेश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले हुए एमकॉम के इंटरनेशनल फाइनेंस विषय का प्रश्नपत्र सिलेबस से बाहर था। इसलिए विद्यार्थियों की परीक्षा प्रभावित हुई है। इससे रिजल्ट भी प्रभावित होगा। यह पेपर सितंबर में ही दोबारा करवाया जाए। इसके लिए एक सप्ताह के अंदर-अंदर कमेटी का गठन कर जांच भी कराई जाए। सभी कोर्सों का लंबित परीक्षा परिणाम एक सप्ताह में जारी किया जाए। परीक्षा परिणाम के पुनर्मूल्यांकन के लिए विद्यार्थी आठ महीने से इंतजार कर रहे हैं। इसे भी तुरंत प्रभाव से जारी किया जाए। एक सप्ताह में सभी विद्यार्थियों को डीएमसी जारी की जाए। लंबित रीअपीयर परीक्षाओं को जल्द से जल्द कराया जाए और तय समय में परीक्षा परिणाम घोषित किया जाए। परीक्षा की डेटशीट कम से कम 15 दिन पहले जारी की जाए। आगामी सत्र की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय वार्षिक कैलेंडर जारी करें। योगेश कुमार ने बताया कि ये मांगें पूरी करने के लिए विश्वविद्यालय को एक सप्ताह का समय दिया गया है। अगर एक सप्ताह में मांगें पूरी नहीं की जाती हैं तो संगठन विश्वविद्यालय के खिलाफ आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। इस अवसर पर सचिन सनसनवाल, राहुल वर्मा, अजय रोहिल्ला, दीपेश, सिद्धार्थ, मिली, कुनाल आदि मौजूद रहे।