Ambala: कुत्ते ने 20 लोगों को काटा, इलाज के लिए पहुंचे अस्पताल, लगाने पड़े टांके
अंबाला में कुत्ते का आतंक देखते को मिला है। कुत्ते ने एक के बाद एक करीब 20 लोगों को काट लिया।आनन फानन में गुरुद्वारा साहिब से एनाउंसमेंट कराया गया, ताकि लोग कुत्ते से बच सकें। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं।
विस्तार
अंबाला में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में बुधवार को कुत्ते ने एक के बाद एक करीब 20 लोगों को काट लिया। कई को तो इतनी बुरी तरह से काटा कि उनका मांस तक खींच लिया और उन्हें टांके लगाने पड़े। आनन फानन में गुरुद्वारा साहिब से एनाउंसमेंट कराया गया, ताकि लोग कुत्ते से बच सकें। इसके बाद सिंघावाला, दुर्गा नगर, शांति नगर, शिवालिक कॉलोनी में लोग डरे-सहमे नजर आए। विदित हो कि अंबाला में कुत्ते काटने की यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं।
किताब लेने जा रही थी मोना, कुत्ते ने पैर में काटा, टांके लगे
11 साल की मोना अभी स्कूल से घर आई थी और दोस्त के घर कॉपी लेने जा रही थी। जैसे ही घर से थोड़ी दूरी पर पहुंची तो अचानक से आए कुत्ते ने हमला बोल दिया। पहले पैर का मांस काट लिया और फिर बचाव के प्रयास में हाथ भी जख्मी कर दिया। आनन-फानन में उसे शहर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा स्थिति देखने पर पैर में टांके लगाए गए हैं।
काम से लौट रही थी कुंती, कुत्ते ने किया जख्मी
कुंती ने बताया कि वह घरों पर काम करती है, पहले बीमार थी और दो दिन बाद काम पर गई थी। जब वह वापस लौट रही थी और घर के पास ही पहुंची थी। इतने में कुत्ते ने आकर उसकी जांघ पर काट लिया और इतना गहरा काटा कि जख्म बन गए। अब उसे चिंता है कि कई दिनों तक काम पर नहीं जा सकेगी, जिससे उसे आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ेगा।
घर के बाहर कुर्सी लेकर पहुंची तो कुत्ते ने किया लहूलुहान
मौसम सुहावना देख रीटा अपने परिवार के साथ गली में कुर्सी लेकर पहुंची ही थी कि पीछे से आए कुत्ते ने उसे बुरी तरह से काट लिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां टीका लगाया गया। साथ ही दवा दी गई है। उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने के बाद रात भर खून नहीं रूका।
कुत्ते काटने के बाद चिकित्सक के पास पहुंचे लोग
क्षेत्रवासी दुर्गा नगर वासी आठ वर्षीय बच्ची देसल, सिंघावाला वासी 35 वर्षीय महिला कुंती, शक्ति नगर निवासी 38 वर्षीय खुशीराम, सिंघावाला निवासी 11 वर्षीय मोना, शांति नगर निवासी 28 वर्षीय प्रदीप, मिलाप नगर निवासी पांच वर्षीय लवनूर, इंद्र नगर निवासी 17 वर्षीय कार्तिक, शिवालिक कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय ओम प्रकाश, न्यू शिवालिक कॉलोनी आठ वर्षीय नीरज, काजीवाड़ा निवासी पांच वर्षीय हर्ष, नया गांव कृष्ण कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय पूनम, सिंघावाला निवासी 29 वर्षीय पूर्णिमा भी कुत्ते काटने के बाद डाक्टर के उपचार के लिए पहुंचे।
अंबाला में कुत्तों की नसबंदी को लेकर प्रक्रिया चल रही है। वहीं सुप्रीम कोर्ट की ओर से भी कोई नए आदेश आए हैं तो अब आगे की प्रक्रिया उसे के अनुसार की जाएगी। बाकी पहले फाइल चल रही थी, अब देखते हैं। उसमें क्या कुछ चल रहा है। -फुल कुमार, एसआई, नगर निगम, अंबाला सिटी।
गत दिवस भी बहुत से लोगों को कुत्ते ने काटा था, जिन्हें एंटी रेबीज का टीका लगाया गया है। वहीं जिन्हें जरूरत थी उन्हें इम्यूनोग्लोबुलिन का टीका भी लगाया गया है। ऐसे करीब पांच मरीज हैं, जिन्हें इसकी जरूरत थी। जिन्हें कुत्ता काटता है, उन्हें घरेलू उपचार के स्थान पर डॉक्टर के पास जाकर इंजेक्शन ही लगवाना चाहिए। जब तक अस्पताल नहीं पहुंच जाते तब तक उस जख्म को चलते पानी में धोना चाहिए। -डॉ. संगीता गोयल, पीएमओ, सिविल अस्पताल अंबाला सिटी।