अंबाला। एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस विभाग द्वारा जब्त किये गए नशीले पदार्थों को पेहवा स्थित बाखली पेपर मील में नष्ट किया गया। यह कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई ताकि इस प्रकार के नशीले पदार्थों का कोई दुरुपयोग न कर सके। जिला पुलिस कुरुक्षेत्र, यमुनानगर जिला द्वारा दर्ज किए गए 387 मामलों में जब्त किये गये चूरापोस्त, स्मैक, गांजा, सुल्फा,हेरोईन, चरस, गांजा व नशीली दवाइयों को नष्ट किया गया।
पुलिस अधीक्षक राजीव देसवाल ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक अंबाला मंडल के आदेशानुसार जिला पुलिस कुरुक्षेत्र, यमुनानगर व जिला में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत करीब 387 मामले दर्ज किए गए थे। इन नशीले पदार्थों को नष्ट करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश अनुसार एक कानूनी प्रक्रिया के तहत कमेटी का गठन किया जाता है। यह कमेटी पुलिस महानिरीक्षक अंबाला शिवास कविराज की अध्यक्षता में बनाई गई है।
नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में 30 क्विंटल 17 किलो 507 ग्राम चूरापोस्त, 1 क्विंटल 41 किलो 348 ग्राम व 500 मिलीग्राम गांजा, 8 किलो 874 ग्राम 74 मिलीग्राम चरस, 728 ग्राम 466 मिलीग्राम स्मैक, 56 ग्राम 440 मिलीग्राम सुल्फा, 5 किलो 845 ग्राम 161 मिलीग्राम हेरोइन, 221 ग्राम 420 मिलीग्राम पाउडर, 38 किलो 300 ग्राम अफीम के पौधे व नशीली दवाइयों के 38 मामलों में 15 हजार 126 कैप्सूल व 27 हजार 147 नशीली गोलियां, 26 बोतल सीरप व 13 इंजेक्शन को नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त 72 मामलों में जब्त की गई 68 किलो 180 ग्राम 892 मिलीग्राम अफीम को नीमच मध्य प्रदेश भेजा जाएगा।