अंबाला। एसटीएफ अंबाला ने करनाल में धोखाधड़ी के मामले में पांच हजार के ईनामी बदमाश अमित उर्फ मीत व कैथल में शराब ठेकेदार की हत्या मामले में 10 हजार के ईनामी बदमाश आकाश उर्फ काशी को काबू किया। दोनों आरोपियों को काबू करने के बाद उन्हें संबंधित इलाका पुलिस को सौंप दिया। पहले मामले में पकड़ा गया यमुनानगर जिले के गांव बपौली निवासी अमित उर्फ मीत हरियाणा और पंजाब के मोस्ट वांटेड था।
पुलिस ने आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा था। जांच में सामने आया कि हरियाणा और पंजाब के अगल-अलग थानों में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत 18 मुकदमे दर्ज हैं। डीएसपी अमन कुमार ने बताया कि अमित को गुप्त सूचना पर गिरफ्तार किया है। आगामी कार्रवाई के लिए अपराधी को करनाल के बुटाना थाना को सौंप दिया है। आरोपी पर सबसे ज्यादा कुरुक्षेत्र के विभिन्न थानों में छह मुकदमे दर्ज हैं। यमुनानगर में 5, करनाल में 3, अंबाला में 2 और पंजाब में भी 2 मामले दर्ज हैं। जबकि दूसरे मामले में एसटीएफ ने कैथल के बहुचर्चित शराब के ठेकेदार की हत्या करके फरार चल रहे अतिवांछित व 10 हजार रुपये के ईनामी बदमाश आकाश उर्फ काशी को काबू किया और उससे एक कट्टा व कारतूस बरामद किया। आरोपी के खिलाफ 4 मई को थाना ढांड जिला कैथल में शराब के कारोबारी की हत्या के केस में दर्ज हुआ था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। बता दें कि आकाश पर पहले भी कई मामले दर्ज है।