खन्ना में अंबाला टीम का छापा, भ्रूण लिंग जांच में छह काबू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीसी अंबाला अशोक सांगवान के हस्तक्षेप के बाद खन्ना शहर में अंबाला टीम को पंजाब पुलिस और प्रशासन ने पूरी मदद की, जिसके बाद इस गिरोह के सदस्यों को खन्ना में दबोचा गया। इस घटना का पूरा जाल अंबाला स्वास्थ्य महकमे की टीम ने बुना था।
सीएमओ ने तैयार किया था चक्रव्यूह चीफ मेडिकल अफसर डाक्टर विनोद गुप्ता को अंबाला की एक आशा वर्कर ने सूचना दी कि पटियाला के नौसिंबला गांव में रहने वाली एएनएम कृष्णा और उसका पति कृष्ण दोनों लिंग जांच कर काम करते हैं। सूचना मिलने के बाद सीएमओ ने एक गर्भवती महिला को अपनी डिकॉय पेशेंट के रूप में तैयार किया और डाक्टर विजय शर्मा, डाक्टर बीबी लाला और डाक्टर नीतू की टीम की विशेष टीम गठित की। उसके बाद टीम ने अपना आपरेशन शुरू किया।
इस तरह काबू किए लिंग जांच के आरोपी अंबाला की आशा वर्कर ने अंबाला की ही एक डिकॉय गर्भवती महिला की लिंग जांच करवाने की बात कृष्ण और कृष्णा से की। दोनों ने इसके लिए बीस हजार की मांग की। सौदा तय हो गया। दोनों अंबाला आए और कार में बिठाकर गर्भवती महिला और आशा वर्कर को लेकर पंजाब की ओर रवाना हो गए। उनके पीछे अंबाला की टीम भी लग गई। मंडी गोबिंदगढ़ में कैमिस्ट की दुकान चलाने वाला देसराज भी उनकी कार में सवार हो गया। उसके बाद सभी खन्ना में कलगीधर गुरुद्वारे के पास पहुंचे। वहां अमरजीत कौर नाम की एक्टिवा पर आई और सिर्फ गर्भवती महिला को अपने साथ लिंग जांच के लिए ले गई। एक्टिवा सवार महिला उसे शिवम मैटरनिटी होम में ले गई, जहां कथित डाक्टर सोहन सिंह और उसकी पत्नी स्टाफ नर्स हरप्रीत कौर ने पोर्टेबल मशीन से गर्भवती की लिंग जांच की। डेढ़ घंटे बाद लिंग जांच करवाने के उपरांत एक्टिवा सवार गर्भवती महिला को लेकर वहीं कार के पास पहुंच गई। लेकिन दूसरी ओर अंबाला डीसी अशोक सांगवान के डीसी लुधियाना व एसपी लुधियाना से बातचीत बाद वहीं खन्ना पुलिस और स्वास्थ्य महकमे की टीम ने अंबाला टीम से कोर्डिनेट किया और सभी को उस वक्त घेर लिया, जब एक्टिवा सवार गर्भवती महिला को वहां छोडने पहुंची। इस दौरान छह लोगों को काबू कर लिया गया है और खन्ना पुलिस कार्रवाई कर रही है।
स्वास्थ्य महकमा इस कामयाबी के लिए बधाई का पात्र है। लिंग जांच की इस बुराई को समाज से मिटाने की जरूरत है और अंबाला प्रशासन इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समाज के लोग कोख में पल रही बेटियों को बचाने में सहयोग करें और इसकी सूचना महकमे या स्वयं मुझे दें, उनका नाम गुप्त रखा जाएगा और सूचना देने वाले को इनाम भी दिया जाएगा। -अशोक सांगवन, डीसी, अंबाला
खन्ना में दलाल कृष्ण, कृष्णा, देसराज, अमरजीत कौर, कथित डाक्टर सोहन सिंह व हरप्रीत कौर को काबू कर लिया गया है। सभी लिंग जांच में संलिप्त हैं। अंबाला की टीम ने लुधियाना प्रशासन की मदद से इस रेड को सफल बनाया है। लोगों से अपील है कि इस तरह के गिरोह को पकड़वाने में मदद करें। -डाक्टर विनोद गुप्ता, सीएमओ, अंबाला