संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। एसडी कॉलेज की छात्रा समीक्षा ने मुआयथाई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 75 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर कॉलेज, जिला एवं प्रदेश का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि के साथ समीक्षा का चयन आगामी वर्ल्ड मुआयथाई चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है। वहीं कॉलेज की ही छात्रा शालिनी ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है।
यह प्रतिष्ठित मुआयथाई राष्ट्रीय प्रतियोगिता 22 से 26 जनवरी 2026 तक यूनाइटेड मुआयथाई एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं वर्ल्ड मुआयथाई काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में हैदराबाद के एसएस कन्वेंशन सेंटर, शमशाबाद में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में हरियाणा मुआयथाई की 25 खिलाड़ियों की टीम ने भाग लिया, इसमें अंबाला जिले से 5 खिलाड़ियों का चयन हुआ था। पूरी टीम 21 जनवरी को हैदराबाद के लिए रवाना हुई। कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अलका शर्मा, शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. नितिन सहगल, सहायक प्राध्यापक डॉ. राजेश फोर तथा हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. विजय शर्मा ने समीक्षा एवं शालिनी को बधाई दी।