Haryana: अनिल विज ने कांग्रेस के 'गायब' ट्वीट पर साधा निशाना, बोले- यह हर हिंदुस्तानी के दिल को चीरने वाला
हरियाणा में अनिल विज परिवहन, ऊर्जा और श्रम विभाग संभाल रहे हैं, अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले भी वह कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखे हमले कर चुके हैं।
विस्तार
हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए गए 'गायब' ट्वीट की कड़ी निंदा की है। विज ने कांग्रेस के 'गायब' पोस्ट पर कहा कि बहुत आपत्तिजनक और हर हिन्दुस्तानी के दिल को चीरने वाला ट्वीट इन्होंने किया है। ये समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े होने का है। हर हिन्दुस्तानी को प्रण लेना चाहिए कि इस घड़ी में हम नरेंद्र मोदी के साथ हैं।
#WATCH अंबाला: हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस के 'गायब' पोस्ट पर कहा, "बहुत आपत्तिजनक और हर हिन्दुस्तानी के दिल को चीरने वाला ट्वीट इन्होंने किया है। ये समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े होने का है। हर हिन्दुस्तानी को प्रण लेना चाहिए कि इस घड़ी में हम… pic.twitter.com/Vpmh1W9pC0विज्ञापन— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 29, 2025
अनिल विज कहा कि यह युद्ध का समय है और ऐसे समय में आपस में नहीं लड़ा करते। यकीनी तौर पर इनके (कांग्रेस) दिमाग में कुछ प्रश्न हो सकते हैं, लेकिन उन्हें उठाने का यह समय नहीं है। यह समय पूरे देश की एकता दिखाने का है, हर भारतवासी को खड़े होकर यह कहना चाहिए कि नरेंद्र मोदी हम आपके साथ हैं, आप लड़ाई करो हम आपके साथ हैं।
विज मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। भारत की जवाबी कार्रवाई से बचने के लिए पाकिस्तान ने आतंकियों को उनके लांच पैड से हटाकर कैंप में भेज दिया है, पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री विज ने कहा कि यह रहेंगे तो पाकिस्तान में ही न, कहीं भी यह दौड़कर चलें जाएंगे, इन्हें हम नहीं छोड़ेंगे। यह बार-बार हमारी शांति भंग करते हैं, कश्मीर की खुशहाली देखकर इनके सीने पर जो सांप लौटता है कि हम तो भूखे मर रहे हैं और कश्मीर तो तरक्की कर रहा है। कश्मीर में पौने दो करोड़ सैलानी आए। इससे कश्मीर की अर्थव्यवस्था कितनी बढ़ती है। ऐसे में यह धर्म पूछ-पूछकर लोगों को मार रहे हैं। यदि किसी दिन हिंदुओं ने निर्णय कर लिया कि न हम वैष्णो देवी जाएंगे, न अमरनाथ जाएंगे और न हम कश्मीर में सैलानी बनकर जाएंगे। ऐसे में अर्थव्यवस्था का क्या हाल होगा।
जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं मोदी
पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तान का पूर्व एसएसजी कमांडर हाशिम मूसा बताया जा रहा है, जबकि पाकिस्तान इस हमले में अपना कोई हाथ होने पर इंकार कर रहा है। इस पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि फिर यह पाकिस्तान छोड़-छोड़ क्यों भाग रहे है और बच्चों को विदेशों में क्या भेजा जा रहा है। आज तक किसी चोर ने यह नहीं कि मैं चोर हूं, इसका फैसला तो निष्पक्ष ताकतें करती हैं और फैसला भारत ने कर दिया है कि हम किसी भी हालत में आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बार-बार कहा है कि यह जो खून तुमने बहाया है, इसका हम इंसाफ करेंगे तथा मोदी जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमने 1965 व 1971 की लड़ाई देखी जब अंबाला में बम गिरे और लोगों ने तब छतों पर खड़े होकर विमान देखे और हौसला दिखाया था। हमने 1999 में कारगिल लड़ाई देखी जब सैनिक दायित्व निर्वाह के लिए जोश के साथ यहां से आगे जा रहे थे। तब यहां पर लोगों ने सैनिकों के लिए जलपान आदि का प्रबंध भी किया। हम पूरी तरह से आज भी तैयार हैं और कोई भी भेष बदलकर आ जाए, उसे भेद दिया जाएगा।