फूलों और सब्जियों की खेती करें किसान : खट्टर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीक और सहकारी कृषि की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि फल, फूल एवं सब्जियों की खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। सरकार द्वारा सहकारी समिति को 5 करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा और इसमें 1 करोड़ रुपये का अनुदान होगा। कृषि में विविधिकरण को अपनाने के लिए किसानों को व्यक्तिगत 5 लाख रुपए तक के ऋण भी बिना जमानत के उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उन्होंने कृषि, सेना, व्यापार सहित समाज और देश के विकास में विभिन्न क्षेत्रों में सैनी समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि घटती जोत को देखते हुए मिलजुल कर कृषि करने तथा सहकारी खेती को अपनाना समय की सबसे बड़ी मांग है। मुख्यमंत्री रविवार को अंबाला शहर में अंबाला सर्कल सैनी सभा के प्लेटिनम जुबली समारोह में उपस्थित सैनी समाज के लोगों और अंबालावासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अम्बाला सैनी सर्कल सभा को 51 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। समारोह को कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी, अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल, लाडवा के विधायक डॉक्टर पवन सैनी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी संबोधित किया।
मांग नहीं, जरूरत के अनुसार खुलेंगे कालेज मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने विशेषकर लड़कियों की शिक्षा के लिए सर्वे करवाया जा रहा है और जहां कालेजों की स्थापना की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता पर कालेज स्थापित किए जाएंगे। आगामी वर्ष में स्कूलों और कालेजों में अध्यापकों की कमी को पूरा करने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती भी की जाएगी। निजी शिक्षण संस्थानों के सहयोग से पांच-पांच राजकीय विद्यालयों में शिक्षा में गुणात्मक सुधार के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने अंबाला सैनी सर्कल सभा को भी शहर के पांच राजकीय विद्यालय गोद लेकर उनमें शिक्षा सुधार व विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की अन्य गतिविधियों में सहयोग करने की बात कही। उन्होंने सैनी समाज की एकता और सूझबूझ की भी सराहना की और कहा कि किसी संस्था द्वारा 75 वर्ष का कार्यकाल पूरा करना न केवल बड़ी सफलता है बल्कि अन्य संस्थाओं के लिए भी एक मिसाल है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने सैनी सर्कल सभा द्वारा 40 लाख रुपए से बनाए जाने वाले चार कमरों का शिलान्यास किया और सैनी समाज के इतिहास तथा अम्बाला सर्कल सैनी सभा की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया।
प्रदेश में हो रहा समान विकास : विज स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा किए जा रहे प्रयास की प्रशंसा की और कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बिना भेदभाव के पूरे प्रदेश का एकसमान विकास किया जा रहा है। पूर्व की सरकारों द्वारा प्रदेश के राजस्व का दुरुपयोग किया गया है और विकास केवल क्षेत्र विशेष तक सीमित रहा है जबकि मुख्यमंत्री एक-एक पैसा प्रदेश के विकास के लिए खर्च कर रहे हैं। उन्होंने अम्बाला सर्कल सैनी सभा के 75 वर्ष पूरा होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने सैनी समाज द्वारा रखी गई मांगों की वकालत करते हुए कहा कि यह समाज मेहनतकश समाज है और भारतीय जनता पार्टी को इस समाज का भरपूर समर्थन मिला है। उन्होंने अंबाला सर्कल सैनी सभा को स्वैच्छिक कोष से 11 लाख रुपये अनुदान देने की घोषणा की।
सड़कों की परियोजनाएं पास कराईं : कटारिया अम्बाला के सांसद रत्न लाल कटारिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने समाज की सभी जातियों और वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने मात्र एक वर्ष की अवधि के दौरान अम्बाला संसदीय क्षेत्र में 4 हजार करोड़ की सड़कों की परियोजनाओं को स्वीकृत किया है। यमुनानगर से चंडीगढ़ रेलवे लाइन की परियोजना को भी शीघ्र स्वीकृति दिलवाई जाएगी ताकि इस क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी की जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री की स्वच्छ छवि और ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि भारत सरकार के प्रतिनिधिमंडल का अमेरिका में स्वागत करते समय वहां के राजदूत ने भी मनोहर लाल की ईमानदारी और सादगी की सराहना की है।
हमेशा मिलता रहेगा सैनी समाज का समर्थन : नायब हरियाणा के खान, भूविज्ञान एवं अक्षय ऊर्जा राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में सैनी समाज के एक तथा विधानसभा चुनाव में दो उम्मीदवारों को टिकट दी थी। सैनी समाज ने एकजुट होकर तीनों प्रतिनिधियों को विजयी बनाया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी सैनी समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए हरियाणा मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने के साथ-साथ अटॉर्नी जनरल (एजी) कार्यालय में महत्वपूर्ण पदों पर सैनी समाज के सात प्रतिनिधियों को नियुक्ति दी है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय व अन्य संस्थानों में भी सैनी समाज को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने सैनी समाज की मांगों को पूरा करने के लिए भी मुख्यमंत्री से अनुरोध किया और कहा कि यह समाज सदैव भाजपा के साथ सहयोग करता रहेगा।
बाबा नानक के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंबाला शहर में ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के गुरुद्वारे मंजी साहिब में माथा टेका और आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने प्रदेश वासियों को गुरुनानक देव जी के प्रकाशोत्सव की शुभकामना देते हुए कहा कि हम महान गुरू से प्रेरणा लेकर उनके दिखाए मार्ग पर चलें। मुख्यमंत्री ने हरगोबिंद साहिब सेवा सोसायटी द्वारा संचालित लाइब्रेरी, डिस्पैंसरी व समाज सेवा की अन्य गतिविधियों की सराहना की और इस सोसायटी की विजिटर बुक में भी विचार अंकित किए। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब की पावन बाउली का जल ग्रहण किया और प्रसाद के रूप में लंगर भी ग्रहण किया। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के प्रदेश प्रवक्ता संत सिंह कंधारी, वरिष्ठ अकाली नेता सुखदेव सिंह गोबिंदगढ़, हरगोबिन्द साहिब सेवा सोसायटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह बब्बू, टीपी सिंह, अजीत सिंह सौंडा, हरकेश सिंह मोहड़ी, भूपेंद्र्र सिंह चड्ढा तथा गुरूद्वारा के प्रबन्धक सतपाल सिंह सहित अन्य सिख प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सिरोपा, कृपाण और शॉल भेंट की। राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद रतनलाल कटारिया और विधायक असीम गोयल को सिरोपा और शॉल भेंट की।