Haryana: सूरजमुखी खरीद को लेकर प्रदर्शन तेज, कुरुक्षेत्र में किसानों पर लाठीचार्ज, समर्थन में आए बजरंग पूनिया
हरियाणा में सूरजमुखी की खरीद एमएसपी पर किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज होने लगा है। किसानों सुबह होते ही फिर से सड़कों पर उतरे और शाहबाद में ही पांच जगहों पर जाम लगा दिया। जिसके चलते किसानों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
विस्तार
हरियाणा में सूरजमुखी की खरीद एमएसपी पर किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को शुरू हुआ किसानों का आंदोलन आज और भी तेज हो गया है। सुबह होते ही किसान सड़कों पर उतरना शुरू हो गए। वहीं, किसानों ने अपने- अपने क्षेत्र में आंदोलन की कमान संभाल ली है।
यहां लगाया किसानों ने जाम
किसानों ने देर रात को ही गुरनाम सिंह की गिरफ्तारी और लाठीचार्ज के विरोध में नेशनल हाईवे 152 डी जाम को कर दिया था। जिसके बाद प्रशासन ने रात करीब 12:00 जाम खुलवा दिया। लेकिन सुबह फिर किसान जाम लगाने को लेकर एकजुट होना शुरू हो गए और शाहबाद के बराड़ा रोड पर गांव रावा के पास, सहा रोड गैलेक्सी संस्थान के पास, नलवी रोड गांव नलवी के पास और लाडवा रोड अनाज मंडी के पास जाम लगा दिया।
रेलवे ट्रैक जाम कर सकते हैं किसान
संभावना जताई जा रही है कि आज किसान रेलवे ट्रैक भी जाम कर रखते हैं। किसानों को छुड़ाने की मांग को लेकर पहले बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी ताकि प्रशासन से किसानों को छुड़ाने के लिए आंदोलन तेज किया जा सके।
किसानों के समर्थन बजरंग पूनिया का ट्वीट
पहलवानों के आंदोलन में खुलकर साथ दे रही भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों पर हुए लाठीचार्ज व उनकी गिरफ्तारी के बाद ओलंपियन पहलवान बजरंग पूनिया भी समर्थन में आ गए हैं। बजरंग पूनिया ने ट्वीट कर गिरफ्तार किसानों को तुरंत रिहा करने की मांग की है। सूरजमुखी की सरकारी खरीद की मांग को लेकर कुरुक्षेत्र में जाम लगाए किसानों पर लाठीचार्ज करने के साथ ही किसान नेताओं की गिरफ्तारी भी की गई है। जिस लेकर प्रदेश भर में किसान यूनियन सदस्यों में रोष है।
किसान सिर्फ़ अपनी फसल का सही दाम माँग रहे थे, लेकिन बदले में मिली लाठियाँ और गिरफ़्तारियाँ.
— Bajrang Punia 🇮🇳 (@BajrangPunia) June 6, 2023
हम सभी पहलवान किसानों के साथ खड़े हैं. गिरफ़्तार किए गए किसानों की तुरंत रिहाई हो.🙏🏽 pic.twitter.com/YlxPGkltB1
अंबाला के साहा में भड़के किसान, सड़क पर बिछाई दरी किया विरोध
सूरजमुखी की फसल की सरकारी खरीद न होने को लेकर किसानों का बुधवार को भी प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान सुबह अंबाला साहा मार्ग पर भारतीय किसान यूनियन चढूनी ग्रुप के बैनर तले दर्जनों किसान मार्ग के बीच में रास्ता रोककर बैठ गए। उन्होंने काफी देर तक रास्ते को रोके रखा और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मामले की भनक लगते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और पहले तो किसानों को समझाने का प्रयास किया गया। मगर जब किसान नहीं मानें तो उन्हें पकड़कर उठाने की कोशिशें पुलिस ने शुरू कर दी। इस दौरान किसान भी अपनी मांगों पर अड़े रहे और धरना स्थल पर ही सड़क पर लेट गए।
किसानों के समर्थन में रेवाड़ी में गंगायचा टोल पर प्रदर्शन कर किया जाम
भारतीय किसान यूनियन चढूनी के अध्यक्ष को गुरनाम सिंह चढूनी पर कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान किसानों व हिरासत के विरोध में मंगलवार देर रात रेवाड़ी में किसानों ने गंगायचा टोल प्लाजा पर प्रदर्शन कर हाईवे को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। यूनियन के पदाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। हाईवेे पर जाम की सूचना के बाद सदर थाना के अतिरिक्त अन्य जगहों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। किसानों को समझाकर यातायात को सुचारू कराया गया।