Ambala: पूर्व एएनएम ने रचा झूठी डिलिवरी का खेल, विभागीय जांच में खुलासा, ये थी वजह...
एएनएम ने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरल पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। बच्चे की मां होने का दावा करने वाली एएनएम का एएनसी, पीएनसी और टीकाकरण से संबंधित रिकार्ड की जांच यूपीएचसी इंचार्ज डॉ. रवि दास माजरी से कराई गई।
विस्तार
पूर्व एएनएम की ओर से झूठे शपथ पत्र देकर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में विभागीय जांच में खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो उनकी जांच में पाया कि महिला के पास शादी के बाद दो बच्चे यानी एक लड़का और लड़की थी।
महिला ने लड़के को गोद लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी
लड़के की विगत वर्ष मौत हो गई थी। उसके बाद से महिला ने लड़के को गोद लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी, लेकिन उसकी 54 वर्षीय उम्र उसमें बाधा बन थी। ऐसे में किसी से आपसी बातचीत कर ही बच्चा लेना चाह रहे होंगे। इसलिए उसे खुद का साबित करने के लिए पूर्व एएनएम ने अपने ही घर में झूठी डिलिवरी का खेल रच दिया।
दाई से भी झूठे शपथ पत्र तैयार करवा लिए
झांसे में लेकर दाई से भी झूठे शपथ पत्र तैयार करवा लिए। पोर्टल पर जैसे ही अत्यधिक उम्र की महिला की ओर से घर में ही डिलिवरी होने की बात आई तो उनका माथा ठनक गया था। बता दें कि पूर्व एएनएम के खिलाफ जन्म मृत्यु एवं सचिव नगर निगम रजिस्ट्रार अनिल राणा की शिकायत पर पुलिस ने छह धाराओं के खिलाफ एएनएम नंदनी सहित दाई मीना और उसके पति रविंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
यूपीएचसी इंचार्ज की रिपोर्ट में खुली परतें
पुलिस को सौंपी शिकायत में अनिल राणा ने बताया था कि नंदनी ने झूठे शपथ देकर कहा था कि उसने न्यू शिवालिक कॉलोनी स्थित मीना नंदा के मकान में होम डिलीवरी कराई थी। 9 मार्च 2023 को जन्मे लड़के का नाम केशव थमन रखा गया है।
जांच में हुआ खुलासा
एएनएम ने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरल पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। बच्चे की मां होने का दावा करने वाली एएनएम का एएनसी, पीएनसी और टीकाकरण से संबंधित रिकार्ड की जांच यूपीएचसी इंचार्ज डॉ. रवि दास माजरी से कराई गई। जांच में खुलासा हुआ कि नंदनी की कोई होम डिलिवरी नहीं हुई।
अधिकारियों के अनुसार
सूबे सिंह, सब इंस्पेक्टर, पुलिस चौकी नंबर एक
मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब नए सिरे से मामले की जांच करेगी। नगर निगम से रिकॉर्ड भी मांगा जाएगा जो इस केस से जुड़ा है। तभी आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।