अंबाला सिटी। डीएवी कालेज के ग्राउंड में चल रहे आईसीई सेकेंड अंडर -16 रैड बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन पर नगर निगम मेयर शक्तिरानी शर्मा ने बतौर मुख्या अतिथि शिरकत की। इस प्रतियोगिता का आरंभ 12 अप्रैल को हुआ था जिसमें जूनियर टीमों द्वारा हिस्सा लिया। इस अवसर पर क्रिकेट कोच हिमांशु राजपूत ने बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य अंबाला के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करना है। ऐसी प्रतियोगिताएं उनकी ओर से पिछले 3 वर्षों से करवाई जा रही है। शुक्रवार को पहुंची मेयर शक्तिरानी शर्मा ने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही चारों टीमों के खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की व इन बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि हमारे अंबाला की होनहार बेटियों को भी खेलों में बढ़-चढ़कर आगे हिस्सा लेना चाहिए। अभी मुख्यत: हिसार, भिवानी, रोहतक व सोनीपत की महिला खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर खेलों में अपने देश व प्रदेश का नाम पूरे विश्व में चमकाया है। अब अंबाला के बच्चे भी खेलों में आगे आएं व अपने इस प्रिय शहर का नाम देश व विदेश में चमकाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उनकी ओर से विशेष रूप से बच्चों को इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे खेलने के लिए अवसर प्रदान करवाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने जीती हुई टीम को ट्रॉफी प्रदान की व जिन खिलाड़ियों ने बैटिंग, बोलिंग व फील्डिंग में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया उन्हें स्मृति चिह्न व खेलने का सामान देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता का प्रायोजन रेज इमीग्रेशन व एमवी स्पोर्ट्स के द्वारा किया गया। इस अवसर पर पार्षद राजिंद्र कौर, राजेश मेहता, सरदूल सिंह, राकेश सिंगला, जसबीर सिंह के अलावा गुरप्रीत शाना, जसबीर जस्सी, कोच विनोद यादव, वीरेंद्र शर्मा, पंकज शर्मा तथा राजकुमार गुप्ता मौजूद रहे।