Ambala: शहर को जगमग करेंगी 28 हजार एलईडी लाइटें, कई कॉलोनियों में अंधेरा पसरा
अंबाला नगर निगम मेयर शक्ति रानी शर्मा ने बताया कि अंबाला शहर में 28 हजार नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए पत्र आ चुका है। अब टेंडर होने के बाद लाइट लगने की प्रक्रिया शुरू होगी। शहर में जहां भी आवश्यकता होगी, वहां पुरानी लाइट बदलकर नई लाइट लगाई जाएंगी।
विस्तार
अंबाला नगर निगम के अंतर्गत आने वाली कॉलोनियां और गांव अब नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगने से जगमग होंगे। शहर में करीब 28 हजार नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। 2019 से शहर में नई स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई हैं। ऐसे में शहर की कई कॉलोनियों में अंधेरा पसरा है। कई जगह ऐसी स्थिति है, जहां लाइट लगी हैं, मगर वह जलती नहीं है। वह काफी पुरानी हो चुकी हैं। अब नई एलईडी लाइट लगने से शहर जगमग होगा। जिले की बात करें तो अंबाला शहर में 27988, बराड़ा में 240 और नारायणगढ़ में 4108 स्ट्रीट लाइट लगेंगी।
पूरे प्रदेश में लगेंगी पौने पांच लाख एलईडी
दरअसल, शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय पूरे प्रदेश में नई एलईडी लाइटें लगाएगा। पूरे प्रदेश की बात करें तो 4 लाख 49 हजार 387 नई लाइट लगाई जाएंगी। जल्द ही इसको टेंडर लगेगा। इसके बाद लाइटें लगने शुरू होंगी।
निगम में आए 12 गांव भी होंगे जगमग : मेयर
नगर निगम मेयर शक्ति रानी शर्मा ने बताया कि अंबाला शहर में 28 हजार नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए पत्र आ चुका है। अब टेंडर होने के बाद लाइट लगने की प्रक्रिया शुरू होगी। शहर में जहां भी आवश्यकता होगी, वहां पुरानी लाइट बदलकर नई लाइट लगाई जाएंगी। साथ ही निगम में शामिल किए गए 12 गांव में भी स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर प्राथमिकता दी जाएगी, क्योंकि इन गांवों को निगम में शामिल तो कर लिया गया है, मगर अभी तक यहां सुविधाएं नहीं दी गई हैं। निगम में गांव लोहगढ़, मानकपुर, डंगडेहरी, डडियाना, देवी नगर, छोटी घेल, बड़ी घेल, कालू माजरा, लिहारसा, कांवला, कांवली, निजामपुर शामिल किए गए थे।
प्रदेश में किस जिले में लगेंगी कितनी स्ट्रीट लाइट
पंचकूला 24623
यमुनानगर 42408
अंबाला 32336
करनाल 8811
कुरुक्षेत्र 1370
फरीदाबाद 30879
पलवल 34874
नूंह 8090
गुरुग्राम 14522
रेवाड़ी 4277
महेंद्रगढ़ 18445
झज्जर 13673
पानीपत 19776
रोहतक 32929
जींद 23780
कैथल 23197
फतेहाबाद 17740
हिसार 6434
सिरसा 18206
भिवानी 32073
सोनीपत 36493
दादरी 4450
डिप्टी मेयर ने भी उठाया था मुद्दा
बीते सोमवार को डिप्टी मेयर राजेश मेहता ने कमिश्नर को बिगड़ती स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए पत्र लिखा था। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया है। न तो नई लाइटें खरीद गई न ही पुरानी को रिपेयर किया गया। इसी वजह से शाम होते ही ज्यादातर रिहायशी कॉलोनियों में अंधेरा छा जाता है। मेहता ने कहा था कि ऐसे में अराजक तत्व आपराधिक वारदात को अंजाम देने में कामयाब हो जाते हैं।
इन कॉलोनियों में अंधेरा होने के कारण चोरी, स्नेचिंग, व लूट की वारदातें भी हो रही हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए मेहता ने तुरंत प्रभाव से दो हजार स्ट्रीट लाइटें खरीदे का प्रस्ताव कमिश्नर के समक्ष रखा था, जिससे कि इन लाइटों की खरीद के बाद सभी वार्डों के अंधेरे को दूर किया जा सके। डिप्टी मेयर का कहना था कि स्ट्रीट लाइट का प्रस्ताव सदन में भी पारित हो चुका है।