सफलता की कहानी: इस शख्स ने 60 हजार से शुरू किया था कारोबार, आज लाखों का है टर्नओवर
गांव से शुरू किया रेडिमेड गारमेंट का व्यवसाय, अभी तारामंडल इलाके में है अपनी कंपनी, विनोद की कंपनी में 20 लोगों को मिल रहा रोजगार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के बांसगांव के फुलहरखुर्द निवासी विनोद कुमार मौर्य ने तीन साल पहले मात्र 60 हजार रुपये से टी-शर्ट प्रिंटिंग मशीन के जरिए स्वरोजगार शुरू किया। आज तारामंडल इलाके में यशराम ट्रेडिंग के नाम से उनकी कंपनी है। हरेक दिन उनकी कंपनी का टर्नओवर तकरीबन एक से डेढ़ लाख रुपये है। टी-शर्ट प्रिंटिंग मशीन से शुरू उनका कारोबार अब खुद ही टी-शर्ट तैयार करने तक पहुंच गया है।
फैशन के बदलते ट्रेंड के साथ विनोद भी अपने उत्पाद को अपडेट करते रहे। टी-शर्ट, ट्राउजर से लेकर आज उनकी फैक्ट्री में तकिए पर भी मनचाहा फोटो प्रिंट कराने की सुविधा है। उनकी कंपनी में 20 से ज्यादा लोग काम करते हैं।
इसके अलावा विनोद ने अपनी कंपनी को विस्तार देते हुए खुद ही हीट प्रेस मशीन बेचना शुरू कर दिया है। उनकी फैक्ट्री में तैयार टी-शर्ट, टोपी, ट्राउजर न सिर्फ गोरखपुर-बस्ती मंडल के जिलों बल्कि प्रयागराज, आजमगढ़ और बिहार, मध्यप्रदेश, केरल के अलावा नेपाल भी जाता है। उनकी कंपनी को ऑनलाइन शॉपिंग साइट इंडिया मॉर्ट पर फाइव स्टार रेटिंग हासिल है।
तकिए के कवर पर छपवा सकते मनचाहा फोटो
विनोद ने बताया कि इन दिनों चुनाव की वजह से प्रत्याशी फोटोयुक्त टी-शर्ट, टोपी आदि काफी संख्या में प्रिंट करा रहे हैं। रोजाना तकरीबन पांच हजार टी-शर्ट की बिक्री हो जा रही है। वहीं मास्क पर भी प्रिंट किया जाता है। कार्टून वाले मास्क की काफी डिमांड है।
हीट प्रेस मशीन की खासियत यह होती है कि इसके जरिए आप तकिए के कवर पर मनचाहा फोटो छपवा सकते हैं। इसके अलावा इस मशीन के जरिए कप, प्लेट, टोपी, टाइल्स, एमडीएफ शीट, मोबाइल फोन कवर, मेटालिक शीट पर भी फोटो छपवा सकते हैं। इसके लिए फाइव इन वन नाम की हीट प्रेस मशीन आती है।