फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Yogi Adityanath interacted with the officials of entrepreneurs and business organizations

Yogi Adityanath: सीएम योगी बोले, 'गोरखपुर को बनाएंगे निवेश का बेहतरीन गंतव्य'

Sat, 05 Nov 2022 08:26 PM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर Published by: विजय पुंडीर Updated Sat, 05 Nov 2022 08:26 PM IST
सार

सीएम योगी एनेक्सी भवन सभागार में उद्यमियों व व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों संग संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोरखपुर व्यापार का बड़ा केंद्र है। यहां जितना बिजनेस पूरे देश में कहीं और नहीं है।

विज्ञापन
Yogi Adityanath interacted with the officials of entrepreneurs and business organizations
योगी आदित्यनाथ, सीएम यूपी - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर सिर्फ एक शहर का नाम नहीं है। गोरखपुर व्यापार का बड़ा केंद्र है। यहां जितना बिजनेस पूरे देश में कहीं और नहीं है। स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापार आदि के लिए करीब सात करोड़ लोग गोरखपुर पर निर्भर हैं। इतनी तो कई देशों की आबादी भी नहीं है। बदलते गोरखपुर की नई तस्वीर में सबको अपना योगदान देना है। सरकार की मंशा गोरखपुर को निवेश का बेहतरीन गंतव्य बनाने की है। यहां के उद्यमी और व्यापारी निवेश करेंगे तो बाहर के निवेशक भी यहां आने के लिए प्रेरित होंगे। आमदनी बढ़ाने के लिए निवेश बढ़ाना होगा। 

विज्ञापन


सीएम योगी एनेक्सी भवन सभागार में उद्यमियों व व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों संग संवाद कर रहे थे। उद्यमियों व व्यापारियों के सुझावों को इत्मिनान से सुनने के बाद उन्होंने कहा कि गोरखपुर और हम सबकी पहचान एक दूसरे से जुड़ी हुई है। आप सबने साढ़े पांच साल में बदलते गोरखपुर को देखा है। एनसीआर को छोड़ दें तो जितना निवेश गोरखपुर में हुआ है वह कहीं और नहीं दिखता। 8600 करोड़ रुपये से बना खाद कारखाना, 1100 करोड़ से बना एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर के साथ ही गोरखपुर में चार विश्वविद्यालय हैं।
विज्ञापन


उऩ्होंने कहा कि गोरखपुर वह शहर है जहां एक ही क्षेत्र में एम्स व मेडिकल कॉलेज की सुविधा है। यह चिकित्सा सुविधाओं का हब बन गया है। विकास के तमाम बड़े-बड़े कार्य हुए हैं। सड़क, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ ही रामगढ़ ताल का सुंदरीकरण, चिड़ियाघर का निर्माण जैसे कार्य विकास की कहानी बताते हैं। रोड कनेक्टिविटी के साथ ही यहां शानदार एयर कनेक्टिविटी भी है। गोरखपुर से प्रमुख शहरों के लिए 14 फ्लाइट फुल होकर चलती हैं। सुदृढ़ कानून व्यवस्था के संग विकास की प्रक्रिया के साथ व्यापार भी तीव्र गति से आगे बढ़ा है। सीएम योगी ने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर पहले हम सड़कों पर आंदोलन करते थे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की पहली शर्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शानदार एवं सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की पहली शर्त है। इसके साथ ही सुरक्षा व पर्याप्त बिजली की उपलब्धता भी इसके महत्वपूर्ण अंग हैं। यह सारी सुविधाएं शासन की तरफ से दी जा रही हैं। इन सुविधाओं का बेहतरीन उपयोग कैसे करें, इसके लिए हमें खुले दिलो दिमाग से कार्य करना होगा। 

निवेश के लिए मजबूत रखें लैंड बैंक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरवरी 2023 में लखनऊ में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए गोरखपुर के उद्यमियों व व्यापारियों को आमंत्रित करने के साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि निवेश की संभावनाओं को देखते हुए वह लैंडबैंक मजबूत रखें। उन्होंने कहा कि साउथ कोरिया और जापान जैसे देशों के जो निवेशक पहले डर के कारण यूपी में आना नहीं चाहते थे, वे आज यहां बड़े पैमाने पर निवेश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 अक्टूबर को उन्होंने नोएडा में उत्तर भारत के पहले डाटा सेंटर का शुभारंभ किया। इससे डाटा तो सुरक्षित होगा ही, 39 हजार करोड़ रुपये का निवेश भी प्राप्त हो रहा है। सीएम ने यह भी बताया कि एक नवम्बर को लखनऊ में उनकी उद्यमियों से मुलाकात हुई थी। उन उद्यमियों ने तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव देने की बात कही है। 

प्रोडक्ट की शानदार पैकेजिंग पर देना होगा ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमे अपने प्रोडक्ट की पैकेजिंग को शानदार बनाना होगा अन्यथा कमजोर पैकेजिंग से हमारे उत्कृष्ट उत्पाद भी बाजार में पिछड़ जाएंगे। पहला इम्प्रेशन पैकेजिंग का ही पड़ता है और पहला इम्प्रेशन ही दिलो दिमाग में रहता है। उन्होंने बताया कि पैकेजिंग की महत्ता को देखते हुए उन्होंने एमएसएमई विभाग को पैकेजिंग इंस्टिट्यूट खोलने की तैयारी करने का निर्देश दिया है। 

यूपी की कई योजनाएं देश में नायाब
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कई योजनाएं पूरे देश में नायाब हैं। यहां की ओडीओपी योजना को केंद्र सरकार ने अन्य राज्यों को भी लागू करने को कहा है। यूपी से निर्यात में 1.56 लाख करोड़ रुपये का योगदान ओडीओपी का रहा। इसी तरह यूपी की मिशन शक्ति और अभ्युदय कोचिंग योजना भी देश में नजीर बनी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में यूपी देश में दूसरे नम्बर पर है। सरकार हर सेक्टर के लिए बेहतरीन नीति ला रही है। इससे निवेश के साथ राजस्व और रोजगार भी बढ़ेगा। 

गोड़धोइया नाला, देवरिया बाईपास और टीपीनगर-पैडलेगंज ओवरब्रिज को मंजूरी
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी खुशखबरी भी दी। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ से गोड़धोइया नाला, देवरिया बाईपास फोरलेन और टीपीनगर-पैडलेगंज ओवरब्रिज को मंजूरी देकर यहां आए हैं। इससे जलनिकासी और सुगम आवगमन की बड़ी सुविधा मिलेगी। सीएम योगी ने उद्यमियों व व्यापारियों से स्मार्ट सिटी मिशन से जुड़ने और लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने की अपील की। 

सेफ सिटी का शानदार मॉडल बना सकता है गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्यमियों व व्यापारियों के सहयोग से ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत चौराहों पर लगवाए जा रहे सीसी कैमरों की सराहना करते हुए कहा कि इससे अब कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रयोग से गोरखपुर पूरे देश में कम खर्च में सेफ सिटी का शानदार मॉडल तैयार कर सकता है। 

महिला उद्यमी को प्रोत्साहित किया मुख्यमंत्री ने
इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमी को खुद प्रेरित कर उनसे सुझाव मांगा। पैकेजिंग उद्योग से जुड़ी संगीता पांडेय ने बताया कि 1500 रुपये से शुरू उनका कारोबार आज करोड़ में है। उन्होंने सीएम से घरेलू महिलाओं को उनके खाली समय में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने संगीता पांडेय की सराहना की और उनके सुझाव के अनुसार महिलाओं को प्रशिक्षण दिलाने की बात कही। 

सीएम योगी के नेतृत्व में देश के नक्शे पर चमक रहा उत्तर प्रदेश :महापौर
महापौर सीताराम जायसवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद पूरा उत्तर प्रदेश देश के नक्शे पर चमक रहा है। 2017 के पूर्व प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट थी। उद्योग व व्यापार लायक हालात ही नहीं थे। सीएम योगी ने कानून व्यवस्था में आमूल चूल सुधार किया। यहां के सुदृढ़ कानून व्यवस्था की पूरे देश में चर्चा है। व्यापार के लिए सुरक्षा के साथ ही मुख्यमंत्री ने शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर दिया है। गोरखपुर में तो विकास कार्य अभूतपूर्व हैं।  

पांच साल में दोगुनी हुई प्रति व्यक्ति आय : एसके अग्रवाल
चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल ने कहा कि कोरोना काल की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की जीडीपी 90.48 लाख करोड़ रुपये है। पांच वर्षों में प्रति व्यक्ति आय 43 हजार से दोगुनी बढ़कर 95 हजार रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि गीडा की स्थापना 1989 में हुई थी लेकिन 2017 तक कोई विशेष प्रगति नहीं हुई थी। 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद गीडा का जबरदस्त विकास हुआ है। गीडा में हाल के दिनों में चार हजार करोड़ रुपये का नया निवेश हुआ है। यहां गारमेंट पार्क, फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स और प्लास्टिक पार्क की स्थापना हो रही है। यही नहीं 8600 करोड़ रुपये से स्थापित खाद कारखाना भी सीएम योगी के प्रयासों की देन है। 

मेडिसिटी से होगा दवा व्यापारियों को बहुत फायदा
दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष योगेंद्र दूबे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से गोरखपुर में मेडिसिटी भी बनने जा रही है। इससे लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं तो मिलेंगी ही, दवा व्यापारियों को बहुत फायदा होगा। 

क्राइम खत्म, सुविधाएं बढ़ीं : अतुल सराफ
प्रतिष्ठित सराफा कारोबारी अतुल सराफ ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में क्राइम खत्म हो गया है और सुविधाएं बढ़ीं हैं। कारोबारी निश्चिंत होकर व्यापार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के बारे में सोचना व्यापारियों का भी दायित्व है। 

सीएम योगी की छत्रछाया में सूरज से आंख मिलाते हैं: शम्भू शाह
सुपरिचित कपड़ा कारोबारी शम्भू शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अपराध व अपराधियों पर लगाया गया लगाम सराहनीय है। पहले हम जहां जुगनू से डर जाया करते थे, आज सीएम योगी की छत्रछाया में सूरज से भी आंख मिलाते हैं। 

निवेशपरक है योगी सरकार को नई औद्योगिक नीति: चंद्रप्रकाश अग्रवाल
गैलैंट समूह के सीएमडी चंद्रप्रकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में गोरखपुर व प्रदेश के विकास की चर्चा करते हुए नई औद्योगिक नीति के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति नई निवेशपरक है। इस नीति में सुरक्षा है, ईमानदारी है, सहयोग है। हम सभी उद्यमियों को निवेश करने को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि कभी अविकसित व कुख्यात रहे गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वे सपने भी पूरे हो रहे हैं जिसकी कल्पना भी नहीं की जाती थी। 

इस अवसर पर रवि किशन शुक्ल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद अजितरिया, पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल, उद्यमी अशोक जालान, चैंबर ऑफ ट्रेडर्स के अध्यक्ष अनूप किशोर जायसवाल, सिंधी अकादमी के सदस्य नरेश बजाज, प्रमोद कुमार टेकड़ीवाल, चेंबर ऑफ टेक्सटाइल के अध्यक्ष राजेश नेभानी समेत बड़ी संख्या में उद्यमी और व्यापारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed