गोरखपुर में बोले सीएम योगी: शहर को स्मार्ट व सुरक्षित बनाने के लिए तेजी से करें काम
- मुख्यमंत्री ने ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मास्टर प्लान बनाने का दिया निर्देश
- अंडर ग्राउंड केबल के साथ सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम करने को भी कहा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देरशाम जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की और कहा कि शहर को स्मार्ट व सेफ सिटी बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाए। सेफ सिटी योजना के तहत शहर में सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, बाजारों में सीसीटीवी कैमरों के साथ ही महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए कई काम किए जाने हैं।
गोरखनाथ मंदिर स्थित सभागार में समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने का मास्टर प्लान तैयार कराके जल्द ही शासन को उपलब्ध कराया जाए। पटरी व्यवसायियों को पुनर्वासित करने के लिए नई जगह तलाशी जानी चाहिए।
इस पर अफसरों ने जानकारी दी और बताया कि जो वेंडिंग जोन बनकर तैयार हैं, वहां कमेटी के जरिए पटरी व्यवसायियों को जगह दी जा रही है। उनका सर्वे किया जा रहा है। और भी वेंडिंग जोन तैयार करने के लिए जल्द ही दूसरी जगहों पर भी जमीन तलाशी जाएगी।
करीब एक घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने जिले के सभी बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजनाओं के बारे में जानकारी ली। बिजली के अंडर ग्राउंड केबल बिछाने व स्ट्रीट लाइट लगाने में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों काम साथ-साथ किए जाएं। बैठक में कमिश्नर जयंत नार्लिकर, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, डीआइजी/एसएसपी जोगेंद्र कुमार, जीडीए उपाध्यक्ष/नगर आयुक्त आशीष कुमार, सीईओ गीडा पवन अग्रवाल, सीडीओ इंद्रजीत सिंह समेत कई अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जल्द पूरा करें सड़कों का निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री ने जंगल कौड़िया-मोहद्दीपुर सड़क के चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा भी की और कहा कि इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। लाइन शिफ्टिंग एवं अंडर ग्राउंड केबल डालने के कार्य को पूरा करने का निर्देश बिजली निगम के अधिकारियों को दिया। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्य की प्रगति की जानकारी ली और काम में तेजी लाकर जल्द पूरा करने को कहा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे की प्रगति के बारे में भी बैठक में चर्चा हुई।
महीने के आखिरी तक हो सकता है चिड़ियाघर का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) के बारे में पूछा तो बताया गया कि जानवरों को लाने का काम अंतिम चरण में है। उन्होंने इसी महीने प्राणी उद्यान से जुड़े कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि इस महीने के आखिरी तक तक इसका लोकार्पण किया जा सकता है।