Valentine Week: जितना चढ़ेगा प्यार का खुमार, उतना बढ़ेगा कारोबार
बंगलूरू, नासिक, पुणे और दिल्ली के फूल शहर में खूब बिक रहे हैं। वैसे तो वीक के विभिन्न डे पर खरीदारी हो रही है, लेकिन वैलेंटाइन डे को लेकर इस बाजार पर उत्साह का रंग सिर चढ़कर बोलने वाला है। व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार वैलेंटाइन वीक में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो सकता है।
विस्तार
तगड़े कारोबार की आस लगाए व्यापारियों का मानना है कि वैलेंटाइन वीक में शुरू में ही जितना तेजी से प्यार का खुमार युवाओं में चढ़ेगा, उतना ही उनका कारोबार बढ़ेगा। हालांकि वेलेंटाइन के एक-दो दिन पहले से ही उपहार के बाजार में तेजी आई है।
बंगलूरू, नासिक, पुणे और दिल्ली के फूल शहर में खूब बिक रहे हैं। वैसे तो वीक के विभिन्न डे पर खरीदारी हो रही है, लेकिन वैलेंटाइन डे को लेकर इस बाजार पर उत्साह का रंग सिर चढ़कर बोलने वाला है। व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार वैलेंटाइन वीक में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो सकता है।
इस सप्ताह फूलों की मांग इतनी बढ़ गई है कि जिनके घर में शादी होनी है, उन्हें पहले ऑर्डर देना पड़ रहा है। गोलघर, ताल बाजार, रेती चौक समेत शहर के अन्य स्थानों पर गिफ्ट की दुकानों में ग्राहकों का तांता लगा है।
गोलघर में फूल के कारोबारी शादाब का कहना है कि वैलेंटाइन डे के दिन शहर में 30 लाख रुपये के फूल बिक जाएंगे, जबकि एक सप्ताह तक 20 लाख रुपये के फूल बिक जाएंगे। बड़ी दुकानों पर हर दिन औसतन 10 हजार रुपये के फूल बिक रहे हैं।
इस बार तो बदल गया है ट्रेंड
गोलघर के व्यापारी मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि वैलेंटाइन वीक में इस बार नए तरह के सामान चलन में आए हैं और ट्रेंड भी बदल गया है। पहले उपहारों में राधे-कृष्ण की स्टेच्यू बिकती थी, लेकिन इस बार श्रीराम दरबार की मांग अधिक है। पहले कार्ड खूब बिकते थे, जो अब भी बिक रहे हैं, लेकिन खासियत और कीमत दोनों बढ़ गई है। म्युजिकल कार्ड के साथ पर्सनलाइज्ड कार्ड है, जिसमें प्रेमी प्रेमिका के फोटो लगाए जा रहे हैं। एलईडी फोटो फ्रेम, लव मीटर, वुडेड सेंटेड कैंडिल, पेयर मग एवं कपल्स खूब बिक रहे हैं।
बिक रहे रियल और आर्टिफिशियल फूल
बाजार में गुलाब के आर्टिफिशियल फूल भी बिक रहे हैं जो असली की तरह दिख रहे हैं और मुरझाने की समस्या नहीं है। इसके साथ ही बंगलूरू के टाटा गुलाब की मांग अधिक है। रोज डे के दिन फूलाें की अधिक बिक्री हुई। 30 रुपये की गुलाब स्टीक 60 रुपये में बिक गई थी। बंगलूरू वाला गुलाब का फूल 100 रुपये तक बिका।
बोले दुकानदार
वैलेंटाइन वीक का बाजार एक करोड़ रुपये होने की संभावना है, जबकि इसके अतिरिक्त फूल भी खूब बिक रहे हैं। शुरुआत में ही तेजी से लग रहा है कि इस बार युवाओं में प्यार का खुमार सिर चढ़कर बोलेगा और हमारे काम धंधे पर इसका सीधा असर दिखेगा। शहर में 10 प्रमुख दुकानों में खूब बिक्री हो रही है, जबकि 200 से अधिक छोटी दुकानों में भी उपहार बिक रहे हैं। लोग वैलेंटाइन डे के लिए पहले से ही उपहारों की बुकिंग कर रहे हैं। - मनीष श्रीवास्तव, दुकानदार, गोलघर।
वैलेंटाइन वीक में उपहारों में बाजार में तेजी आ गई है। बाजार में भी नए तरह के उपहार आए हैं। इस बार श्रीराम दरबार और राधे कृष्णा के चित्र ज्यादा बिक रहे हैं। वैलेंटाइन वीक में पूरा कारोबार डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है, क्योंकि पूरे शहर की दुकानों में बिक्री हो रही है। -सोनू, रामगढ़ताल, दुकानदार।