जमीनी विवाद: गोरखपुर के राजघाट में बुलडोजर से कब्जा करने पहुंचे- हंगामा, फोटो वायरल; पुलिस कर रही इनसे पूछताछ
राजघाट इलाके में शुक्रवार को बुलडोजर से जमीन कब्जाने की कोशिश के बाद जमकर हंगामा हुआ। इसका वीडियो भी तेजी से वायरल होने लगा, जिसमें 20-25 लोग बुलडोजर से जमीन पर कब्जाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे थे। एसएसपी ने पुलिस भेजकर कब्जा रुकवाया। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई को इसकी जांच सौंपी।
विस्तार
एसएसपी ने पुलिस भेजकर कब्जा रुकवाया। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई को इसकी जांच सौंपी। पुलिस के मुताबिक झगड़ा चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रवीण मोदी और सराफा व्यापारी प्रभाकर अग्रवाल के बीच है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, राजघाट इलाके के पांडेयहाता निवासी चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रवीण मोदी के मकान के पास स्थित जमीन को लेकर विवाद हुआ। इस जमीन को प्रवीण और सराफा व्यापारी प्रभाकर अग्रवाल दोनों ही अपना बताते हैं।
आरोप है कि शुक्रवार सुबह सराफा व्यापारी प्रभाकर अपने 20-25 परिचितों के साथ विवादित जमीन पर पहुंचे। वहां गेट पर लगे ताले को खोलकर अंदर गए। तभी इसकी जानकारी प्रवीण को हो गई। वह मौके पर पहुंचे और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काम बंद करा दिया।
सिविल लाइंस के हरिओम नगर निवासी प्रभाकर अग्रवाल की घंटाघर में सराफा की दुकान है। उन्होंने बताया कि 1989 में इस जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। शुक्रवार को सुबह आठ बजे वह कुछ लोगों को लेकर वहां साफ सफाई करवाने पहुंचे थे। इस दौरान प्रवीण मोदी अपने साथ 20 से 25 लोगों को लेकर आए और जबरन अंदर घुस गए। उन्होंने पिटाई का भी आरोप लगाया।
उधर, प्रवीण मोदी ने बताया कि घर के बगल में उनकी पैतृक जमीन है। इस जमीन को लेकर कोर्ट से उन्हें स्टे भी मिल चुका है। शुक्रवार को प्रभाकर अग्रवाल 40 से 50 लोगों को लेकर अंदर घुस गए।
इस दौरान दुकान में रखे ऑक्सीजन सिलिंडर जेसीबी पर रखकर नष्ट कर दिया। सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्डिंग भी है। हम लोग छत से ही वीडियो बना रहे थे। उनकी संख्या अधिक होने की वजह से पास नहीं गए।