UP Panchayat chunav 2021: संतकबीरनगर में छिटपुट घटनाओं के बीच 67.86 फीसदी हुआ मतदान, रात 11 बजे तक पड़ा वोट
- सेमरियावां और बेलहर ब्लाक के कुछ बूथों पर रात 11 बजे तक पड़े वोट
- देर रात सुरक्षित मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में गुरुवार को छिटपुट नोकझोंक, मारपीट और फर्जी मतदान की उड़ती अफवाहों के बीच शांतिपूर्ण माहौल में 67.86 फीसदी मतदान हुआ। सेमरियावां और बेलहर कला ब्लाक के कुछ बूथों पर रात 11 बजे तक वोट डाले गए। देर रात स्ट्रांग रूम में मत पेटिकाएं जमा कराई गईं। सबसे अधिक मतदान खलीलाबाद ब्लाक में तो सबसे कम मतदान सेमरियावां ब्लाक क्षेत्र में हुआ।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में हैंसर बाजार, पौली, नाथनगर, खलीलाबाद, सेमरियावां, बघौली, सांथा, मेंहदावल और बेलहर कला ब्लाक क्षेत्रों में प्रधान, बीडीसी सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए पूर्वाहन सात बजे मतदान शुरू हुआ। कई जगह फर्जी वोटिंग की अफवाहें उड़ती रही।
सांथा ब्लॉक क्षेत्र के हकीमराई में नाबालिग से वोट डलवाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में ईट-पत्थर चले। पुलिस ने प्रधान पद के दो प्रत्याशियों समेत 25 लोगों को हिरासत में लिया। नाथनगर ब्लाक क्षेत्र के हरपुर में भी ऐसी दिक्कतें रही। यहां भी दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
बखिरा क्षेत्र के कुशहरा गांव निवासी चतुर्थ श्रेणी कर्मी 35 वर्षीय राम सुरेश खलीलाबाद ब्लाक के दिक्तौली मतदान केंद्र पर मतदान अधिकारी तृतीय के पद पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान बूथ पर ही उनकी मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के लढ़या धमैचा में फर्जी मतदान कराने को लेकर महिला कार्मिक और एजेंट के बीच नोकझोंक हुई।
सेमरियावां के रक्शा देवई, मेंहदावल के श्रीनगर में भी ऐसी शिकायतें प्रशासन को मिली, जहां पुलिस मौके पर पहुंच कर स्थिति को सामान्य की। रात नौ बजे के करीब धमैचा के ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंच कर धरने पर बैठ गए। बाद में एडीएम को प्रार्थना पत्र देने के बाद लोग वापस गए।
डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि 67.86 प्रतिशत मतदान हुआ है, जिसमें खलीलाबाद ब्लाक में 72.80 प्रतिशत, बघौली ब्लाक में 68. 64 प्रतिशत, सेमरियावां ब्लाक में 58.64 प्रतिशत, मेंहदावल ब्लाक में 68.63 प्रतिशत, सांथा ब्लाक क्षेत्र में 65.06 प्रतिशत, बेलहर कला ब्लाक में 71.36 प्रतिशत, नाथनगर ब्लाक में 69.40 प्रतिशत, हैंसर बाजार ब्लाक में 65.50 प्रतिशत और पौली ब्लाक में 70.62 प्रतिशत मतदान हुआ। देर रात तक मत पेटिकाओं को सुरक्षित निर्धारित स्थल पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया। अराजक तत्वों पर पुलिस की सतर्क दृष्टि रही।