कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए थे शहर के तीन लोग, जांच के बाद किया गया क्वारंटीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए गोरखपुर के तीन लोगों को जांच के बाद होम क्वारंटीन कर दिया गया है। गोरखपुर पुलिस को इन तीनों लोगों की जानकारी बुधवार की देर रात कन्नौज और नोएडा पुलिस से मिली। खोराबार, कोतवाली और सहजनवां के रहने वाले ये तीनों लोग जांच में सुरक्षित मिले हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने तीनों को क्वारंटीन कराया है।
जानकारी के मुताबिक, फरवरी और मार्च महीने में दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में जिनकी लोकेशन मिली थी उनकी मोबाइल नंबर के आधार पर तलाश की जा रही है। इसी क्रम में कन्नौज जिले को 44 लोगों के मोबाइल नंबर दिए गए थे। सभी का सिमकार्ड कन्नौज के पते पर ही था।
एक नंबर की वर्तमान लोकेशन गोरखपुर मिलने पर कन्नौज के एसपी ने इसकी जानकारी गोरखपुर की कोविड टीम को दी। इसके बाद पुलिस ने उसे खोराबार स्थित उसके घर में ही क्वारंटीन करा दिया है। वहीं नोएडा में पॉजिटिव मिले एक व्यक्ति के संपर्क में भी गोरखपुर के दो लोग आए थे।
गोरखपुर के कोतवाली और सहजनवां इलाके के रहने वाले इन दोनों लोगों को भी पुलिस ने होम क्वारंटीन का दिया है। कोविड-19 रिस्पांस टीम के प्रभारी सीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि तीन लोगों के गोरखपुर में होने की सूचना मिली थी। तीनों का पता चल गया है। शुरुआती जांच में सभी की सेहत ठीक मिली है। एहतियात के तौर पर उन्हें घरों में ही क्वारंटीन किया गया है।
कोटा से आए विद्यार्थियों के घर जाकर हो रहा सत्यापन
कोटा से गोरखपुर आए 493 विद्यार्थियों के घर जाकर पुलिस सत्यापन कर रही है। पुलिस ने अब तक 428 विद्यार्थियों का सत्यापन कर लिया है जबकि 65 का पता नहीं चल पा रहा है। ये 65 विद्यार्थी या तो फोन नहीं उठा रहे हैं या उनके मोबाइल बंद हैं। कुछ के पते में भी गड़बड़ी मिली है। अब उन तक पहुंचने के लिए पुलिस ने उनके साथी छात्रों की मदद ली है। कोविड 19 प्रभारी सीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि जल्द ही सभी छात्रों से संपर्क कर लिया जाएगा।